देश की खबरें | भाजपा की दिल्ली इकाई ने नेहा शालिनी दुआ को पार्टी प्रवक्ता पद से हटाया

नयी दिल्ली, 12 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने आधिकारिक पार्टी लाइन का कथित रूप से उल्लंघन कर जीएसटी समेत विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार प्रकट करने को लेकर नेहा शालिनी दुआ को प्रवक्ता पद से हटा दिया।

दुआ ने इस पर पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा नेताओं के एक वर्ग पर ‘दुराग्रह’ का आरोप लगाया तथा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से उनके खिलाफ की गयी कार्रवाई का संज्ञान लेने की अपील की।

प्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘ दिल्ली भाजपा ने बार-बार पार्टी लाइन का उल्लंघन करने को लेकर नेहा शालिनी दुआ को तत्काल प्रभाव से प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता पद से मुक्त कर दिया है।’’

इस माह के प्रारंभ में दिल्ली भाजपा ने दुआ को पार्टी लाइन का उल्लंघन करने पर सफाई देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

दिल्ली भाजपा के महासचिव हर्ष मल्होत्रा की ओर से दुआ को जारी पत्र में कहा गया है, ‘‘ पहले भी आपने पार्टी लाइन का उल्लंघन किया। आज भी आपने जीएसटी पर एक वीडियो अपलोड किया, जो पार्टी का आधिकारिक रूख नहीं है।’’

दुआ ने ट्विटर पर कहा कि पार्टी में कुछ लोग सोचते हैं कि वे उन्हें बोलने से रोक सकते हैं लेकिन यह उनकी भूल है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्हें चार नोटिस दिये गये जो ‘ओछी दुराग्रहपूर्ण’ मानसिकता दिखाते हैं। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से उनके खिलाफ की गयी कार्रवाई का संज्ञान लेने की अपील की।

उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो डालकर जीएसटी पर अपने विचार का बचाव किया और कहा कि यह पार्टी के रुख का उल्लंघन नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)