देश की खबरें | कर्नाटक विधान परिषद में साधारण बहुमत हासिल करने से बीजेपी एक सीट पीछे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक विधान परिषद में सामान्य बहुमत हासिल करने में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंगलवार को महज एक सीट से चूक गई।
बेंगलुरु, 14 दिसंबर कर्नाटक विधान परिषद में सामान्य बहुमत हासिल करने में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंगलवार को महज एक सीट से चूक गई।
निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि पार्टी ने राज्य के 20 स्थानीय प्राधिकरणों के निर्वाचन क्षेत्रों से 25 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की। इसके लिए 10 दिसंबर को द्विवार्षिक चुनाव हुए और आज मतगणना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी 11 सीटों पर कब्जा करने में सफल रही, जबकि जद (एस) ने हासन सीट जीती है और मैसूरु की एक सीट पर आगे चल रही है। एक निर्दलीय उम्मीदवार प्रतिष्ठित बेलगावी निर्वाचन क्षेत्र की दो सीटों में से एक पर जीत हासिल करने में सफल रहा है।
इन परिणामों के साथ, 75 सदस्यीय 'उच्च सदन' में भाजपा की संख्या 32 से बढ़कर 37 हो गई, जबकि कांग्रेस की संख्या 29 से घटकर 26 हो गई, और जद (एस) की संख्या 12 से घटकर 10 हो गई (अगर वह मैसूर जीतती है)।
2015 में स्थानीय प्राधिकरण के निर्वाचन क्षेत्रों से पिछले विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों के दौरान, भाजपा ने क्रमशः छह, कांग्रेस ने 14 और जद (एस) ने चार सीटें जीती थीं, जबकि एक सीट निर्दलीय को मिली थी।
दस दिसंबर के चुनावों में सभी 25 सीटों पर 99 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। इन सीटों के लिए 90 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें भाजपा और कांग्रेस के बीस-बीस और जद (एस) के छह प्रत्याशी भी शामिल थे।
इस चुनाव के लिए मतदाताओं में शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के सदस्यों सहित निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल थे। विधान सभा या लोकसभा चुनावों के विपरीत, परिषद के चुनाव अधिमान्य मतों द्वारा तय किए जाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)