ठाणे, 30 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव सी टी रवि ने कहा है कि उनकी पार्टी की शिवसेना से टकराव में कोई रुचि नहीं है तथा अब यह सोचने का समय आ गया है कि क्या महाराष्ट्र का राजनीतिक संगठन स्वयं के और अपने संस्थापक बाल ठाकरे के आदर्शों से भटक गया है।
उन्होंने कहा कि यद्यपि भाजपा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को ‘‘थप्पड़ मारने’’ संबंधी केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती, लेकिन वह अपने नेता के साथ खड़ी है।
महाराष्ट्र और दो अन्य राज्यों के भाजपा के प्रभारी रवि रविवार को पार्टी की एक बैठक में शामिल होने तथा आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने ठाणे पहुंचे थे।
उल्लेखनीय है कि मुंबई, ठाणे और पुणे सहित महाराष्ट्र के कई बड़े शहरों में अगले साल नगर निकाय चुनाव होंगे।
रवि ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी की शिवसेना से टकराव में कोई रुचि नहीं है तथा अब यह सोचने का समय आ गया है कि क्या महाराष्ट्र का राजनीतिक संगठन स्वयं के और अपने संस्थापक बाल ठाकरे के आदर्शों से भटक गया है।
राणे की टिप्पणी को लेकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों में भाजपा तथा शिवसेना के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी।
पूर्व में भाजपा की सहयोगी रही शिवसेना अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के साथ मिलकर राज्य की सत्ता चला रही है।
रवि ने भाजपा और शिवसेना के एक बार फिर साथ आने से संबंधित सवाल का जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘राष्ट्र विरोधी विचारधारा रखने वालों’’ के खिलाफ है और शिवसेना इस श्रेणी में नहीं आती।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY