ताजा खबरें | भाजपा सदस्य ने दिल्ली में हिंसा मुक्त चुनाव की सराहना की, तृणमूल कांग्रेस पर साधा निशाना

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में बुधवार को भाजपा सदस्य सामिक भट्टाचार्य ने हाल में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव को हिंसा की किसी घटना के बिना संपन्न कराये जाने की सराहना की।

नयी दिल्ली, 12 मार्च राज्यसभा में बुधवार को भाजपा सदस्य सामिक भट्टाचार्य ने हाल में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव को हिंसा की किसी घटना के बिना संपन्न कराये जाने की सराहना की।

पश्चिम बंगाल से निवार्चित सांसद ने उच्च सदन में रेलवे मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा में भाग लेते हुए राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर परोक्ष हमला बोला। उन्होंने जमीन की उपलब्धता नहीं होने के कारण रेलवे की परियोजनाओं में विलंब होने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया जिसका तृणमूल सदस्यों ने कड़ा विरोध किया।

भट्टाचार्य ने कहा कि मोदी सरकार ने इस बार कोई बजट पेश नहीं किया बल्कि एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य के लिए वादा किया है। उन्होंने कहा कि बजट में रिकार्ड आवंटन करके सरकार ने रेलवे को विश्व स्तरीय नेटवर्क बनाने की प्रतिबद्धता जतायी है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 136 वंदे भारत ट्रेनों, 50 नमो भारत रैपिड रेल सर्विस ट्रेनों की शुरुआत करने की घोषणा की है जिससे लाखों यात्रियों के लिए तेज गति और सुविधाजनक यात्रा का एक नया दौर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 17,500 सामान्य डिब्बों के निर्माण की घोषणा से आम आदमी के लिए वहनीय यात्रा की सरकार की प्रतिबद्धता सामने आती है।

भट्टाचार्य ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के 2014 में सत्ता में आने से पहले देखा जाता था कि रेलवे बजट महज राजनीतिक समीकरणों को ध्यान रखकर बनाये जाते थे। इसमें बड़े-बड़े वादे किये जाते थे जिन्हें जमीन पर बहुत कम लागू किया जाता था।

उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़े नहीं बल्कि लोगों को सशक्त बनाने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बजट के माध्यम से भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य की ओर आगे ले जा रही है।

भाजपा सदस्य ने कहा कि रेल बजट को आम बजट में सम्मिलित कर देने से संसाधनों का सही उपयोग हुआ है जिससे परियोजनाओं को कुशलतापूर्वक लागू करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि पुराने पड़ चुके आधारभूत ढांचे और खराब सुरक्षा तंत्र के लिए चलते 2014 में एक वर्ष में औसतन 170 रेल दुघर्टनाएं होती थीं जिनकी संख्या आज घटकर प्रति वर्ष 40 रह गयी। उन्होंने कहा कि ऐसा आधारभूत ढांचे और सुरक्षा तंत्र पर भारी निवेश के कारण हुआ है।

भट्टाचार्य ने दावा किया कि आज विश्व में सबसे कम रेल दुर्घटनाओं की दर भारत में है तथा यहां के लोगों को बहुत कम दामों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने दिल्ली में हाल में हुए चुनाव की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि इस चुनाव के बाद एक भी गोली नहीं चली, किसी की जान नहीं गयी, कोई दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए सभी पार्टियों का अभिनंदन करते हैं।

भट्टाचार्य की इस बात पर तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया।

भाजपा सदस्य ने कहा कि वह केवल अपनी पार्टी की बात नहीं कर रहे हैं बल्कि (कांग्रेस नेता) पी चिदंबरम और जयराम रमेश की पार्टी की भी बात कर रहे जिनकी पार्टी कांग्रेस के आठ कार्यकर्ता मारे गये, उन्हें जला दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल (गांधी) जी के काफिले पर पथराव हुआ...।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नेता एवं इस सदन के नेता (जेपी नड्डा) ने 2019 में गंगा जी के तट पर जाकर भाजपा के 83 बलिदानियों के लिए विधि तर्पण किया। ’’

उन्होंने किसी राज्य का नाम लिए बिना कहा कि बजट के नाम पर हिन्दुओं और मुसलमानों को बांटा जा रहा है और रोहिंग्याओं को संरक्षण दिया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now