एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा ने चुनावों को बनाया अविश्‍वसनीय, लोकतंत्र बचाने के लिए सपा छेड़ेगी अभियान - अखिलेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि ''भाजपा चुनाव जीतने के लिए षड्यंत्र करती रहती है लेकिन सपा अब लोकतंत्र को बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अभियान छेड़ेगी।''

देश की खबरें | भाजपा ने चुनावों को बनाया अविश्‍वसनीय, लोकतंत्र बचाने के लिए सपा छेड़ेगी अभियान - अखिलेश
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 10 नवंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि ''भाजपा चुनाव जीतने के लिए षड्यंत्र करती रहती है लेकिन सपा अब लोकतंत्र को बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अभियान छेड़ेगी।''

सपा प्रमुख मंगलवार को पार्टी मुख्‍यालय में प्रदेश के विभिन्‍न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। सपा मुख्‍यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा कि ''चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तभी होंगे जब उनमें पारदर्शिता हो। भाजपा ने चुनावों को अपनी साजिशों से विवादास्पद और अविश्वसनीय बना दिया है। जनता की जागरूकता और उसके सहयोग-समर्थन से ही लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रहेगी।''

यह भी पढ़े | Bihar Elections Results 2020: बिहार में बीजेपी को मिला जनता का समर्थन, यहां देखें पार्टी के विजयी उम्मीदवारों की सूचि.

उल्‍लेखनीय है कि उत्‍तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उप चुनाव में अखिलेश ने पहले अपनी जीत का दावा किया था लेकिन मतगणना की रुझानों में सपा पिछड़ गई।

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि ''उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा सरकार का असली चेहरा अब सामने आ रहा है। भाजपा राज में अपराध और अपराधियों की संख्या बढ़ी है। सत्‍ता का संरक्षण प्राप्त होने से वे बेखौफ है। निर्दोष लोगों, गरीबों, किसानों, नौजवानों की परेशानियां बढ़ी हैं। भाजपा अपनी अंहकारी एकाधिकारवादी राजनीति से देश में लोकतंत्र को भी कमजोर करने में लगी है।''

यह भी पढ़े | ODOP: उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार ने कोरोना काल में रेशम उद्योग में फूंकी नई जान.

यादव ने कहा कि ''किसान पर उसके गन्ने का बकाया भुगतान न होने और दूसरे बढ़ती महँगाई के कारण दोहरी मार पड़ रही है। उसकी आय दोगुनी करने की तो अब भाजपा चर्चा भी नहीं करती है।''

यादव ने आरोप लगाया कि ''मुख्यमंत्री की ठोको नीति के तहत पुलिस निर्दोष नागरिकों को ठोक रही है। मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार को कई बार फर्जी पुलिस मुठभेड़ों पर नोटिसें जारी की हैं। इस सरकार ने महँगाई बढ़ाई है। सब्जियों, दाल, तेल के दामों में भारी वृद्धि की है तो किसान के उपयोग में आने वाली बिजली और डीजल भी मंहगा कर दिया गया है। नौजवानों को न नौकरी मिल रही है और न हीं कोई उद्योग प्रदेश में लग रहा है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 10, 2020 07:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).