अगरतला, 29 दिसंबर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारी जीत के साथ भाजपा के सत्ता में बरकरार रहने की बृहस्पतिवार को दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में पार्टी ने आदिवासियों को समुचित सम्मान दिया है।
अगरतला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आदिवासी प्रकोष्ठ, जनजाति मोर्चा द्वारा आयोजित रैली को संबोधित करते हुए साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा देश के 11 करोड़ आदिवासियों के कल्याण के बारे में चिंतित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना इसका एक उदाहरण है।
उन्होंने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग)सरकार के दौरान, पूर्वोत्तर के केवल एक सांसद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता था, लेकिन अब मोदी कैबिनेट में इस क्षेत्र के लगभग 8-9 सांसद हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो आदिवासियों का सम्मान करना जानती है।
साहा ने कहा कि रैली में लोगों का भारी भीड़ देखकर उन्हें विश्वास है कि आदिवासी भाजपा के साथ हैं और पार्टी अगले साल विधानसभा चुनाव में भारी जीत के साथ राज्य की सत्ता में बरकरार रहेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY