देश की खबरें | राजस्थान विस में बच्चों के लिए विशेष सत्र में शामिल हुए बिरला: सूत्रों ने विपक्ष की आलोचना पर कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को राजस्थान विधानसभा द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए आयोजित एक विशेष विधानसभा सत्र में शामिल हुए। यह जानकारी सूत्रों ने दी। इससे पहले विपक्ष ने जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर संसद में आयोजित एक कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया था।

नयी दिल्ली, 14 नवंबर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को राजस्थान विधानसभा द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए आयोजित एक विशेष विधानसभा सत्र में शामिल हुए। यह जानकारी सूत्रों ने दी। इससे पहले विपक्ष ने जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर संसद में आयोजित एक कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया था।

लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि 2019 और 2020 में नेहरू की जयंती पर संसद के केंद्रीय कक्ष में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के कार्यक्रम में बिरला शामिल हुए थे।

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है।

विपक्षी दलों ने रविवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित पारंपरिक कार्यक्रम में राज्यसभा के सभापति, लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों की "अनुपस्थिति" पर सवाल उठाया था। विपक्षी दल अक्सर सरकार पर संसदीय परंपराओं की अवहेलना करने का आरोप लगाते हैं, हालांकि सरकार ने इस तरह के आरोपों को खारिज किया है।

सूत्रों ने बताया कि बिरला कांग्रेस शासित राजस्थान में विधानसभा द्वारा आयोजित एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल थे, जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी मौजूद थे।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि बिरला जब भी दिल्ली में होते हैं तो वह संसद में इस तरह के कार्यक्रमों में हमेशा शामिल होते हैं, हालांकि उनके लिए या राज्यसभा के सभापति के लिए इन समारोहों में अनिवार्य रूप से शामिल होने की कोई औपचारिक परंपरा नहीं है।

राजस्थान में विधानसभा सीटों की संख्या के अनुरूप, कुल 200 बच्चों ने विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विपक्ष के नेता और सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के विधायकों के तौर पर प्रश्नकाल, शून्यकाल और अन्य कार्यवाही का संचालन किया।

बिरला ने इस पहल की प्रशंसा की और कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सक्रिय जन भागीदारी की आवश्यकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now