देश की खबरें | बंगाल: भाजपा नेता दिलीप घोष ने जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किये, ममता से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष के साथ अनौपचारिक मुलाकात की।
दीघा, 30 अप्रैल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष के साथ अनौपचारिक मुलाकात की।
दिलीप घोष ने अपनी पत्नी रिंकू मजूमदार के साथ दीघा में नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन भी किये।
मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में आमंत्रित घोष शाम करीब सवा पांच बजे दीघा पहुंचे और उनका स्वागत राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप विश्वास और टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने किया।
पूर्व सांसद और उनकी पत्नी ने मंदिर परिसर में स्थित एक इमारत में मुख्यमंत्री से मिलने से पहले पूजा-अर्चना की।
दिलीप घोष की पत्नी रिंकू मजूमदार भी भाजपा की सदस्य हैं।
दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और नवनिर्मित मंदिर की भव्यता के बारे में बात की।
घोष ने मंदिर से बाहर निकलने के बाद संवाददाताओं से कहा, “हमें मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले सभी मतभेदों को बाहर रखना चाहिए। यहां दो इंसानों के बीच कोई अंतर नहीं है।”
घोष के अलावा भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया गया था।
हालांकि अधिकारी और मजूमदार समारोह में शामिल नहीं हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)