विदेश की खबरें | पेरिस में रेलवे स्टेशन पर हमलावर ने छह लोगों को धारदार हथियार से घायल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. फ्रांस के गृह मंत्री ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को गोली मार कर घायल कर दिया है।
फ्रांस के गृह मंत्री ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को गोली मार कर घायल कर दिया है।
गृह मंत्री गेराल्ड डर्मेनिन ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि हमलावर ने एक पुलिस अधिकारी सहित कई लोगों पर सुबह व्यस्त समय के दौरान “धारदार हथियार” से हमला किया था। उनके साथ पेरिस की महापौर एनी हिडाल्गो भी थीं।
फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक, उन्होंने कहा कि अनाम हमलावर वर्तमान में एक अस्पताल में भर्ती है, उसे सीने में गोली लगी है।
डर्मेनिन ने पुलिस की “प्रभावी व साहसी प्रतिक्रिया” के लिये सराहना की।
उन्होंने कहा, “तुरंत जवाबी कार्रवाई नहीं की जाती तो निश्चित रूप से लोगों की जान जाती।” उन्होंने बताया कि हमला करने के एक मिनट के अंदर आरोपी पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा, “हमले की जानकारी सबसे पहले 6 बजकर 42 मिनट पर मिली। उसकी हिंसा के बाद छह बजकर 43 मिनट पर पुलिस ने अपने हथियार का इस्तेमाल किया।”
डर्मेनिन ने कहा कि हमलावर का हथियार “चाकू नहीं था” लेकिन संभवत: घर पर बनाया गया हथियार था। उन्होंने कहा कि संदिग्ध ने कथित तौर पर हमले के दौरान कुछ नहीं कहा और हमलावर के किसी चरमपंथी संपर्क के बारे में जांचकर्ताओं को अभी कुछ नहीं मिला है।
फ्रांसीसी मीडिया की खबर के अनुसार, संदिग्ध पहले ट्रेन स्टेशन के सामने एक व्यक्ति से टकराया फिर उस पर धारदार हथियार से 15 बार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर इसके बाद स्टेशन के अंदर गया और चार अन्य लोगों के साथ ही एक पुलिसकर्मी पर हमला किया।
डर्मेनिन ने कहा कि शोर सुनकर वहां मौजूद दो अन्य पुलिस अधिकारी हरकत में आए और हमलावर को रोकने के लिये दखल दिया। उस वक्त हमलावर पुलिसकर्मी पर हमला कर रहा था। फ्रांस के सीमा प्रहरी विभाग के अधिकारी की पीठ में छुरा घोंपा गया था, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया।
अधिकारियों ने कहा कि जिस व्यक्ति पर आरोपी ने स्टेशन के बाहर हमला किया था, केवल उसे ही गंभीर चोट आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गारे डू नॉर्ड फ्रांस की राजधानी के सबसे व्यस्त यात्री स्टेशनों में से एक है। हमले की वजह से यहां रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)