मुंबई, 11 मार्च महाराष्ट्र में साल 2018 में कथित रूप से आत्महत्या करने वाले इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक के परिवार ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य की पिछली भाजपा नीत सरकार ने इस मामले की जांच को दबा दिया था।
हालांकि भाजपा ने दावा किया कि उच्चतम न्यायालय पहले ही इस मामले में अपना ''फैसला'' सुना चुका है और पिछली सरकार को मामले की जांच को दबाने के आरोपों से मुक्त कर चुका है।
अन्वय नाइक की पत्नी अक्षता और बेटी अदन्या ने मध्य मुंबई के प्रभादेवी में पत्रकारों से बात करते हुए ये आरोप लगाए।
अदन्या ने कहा, ''राज्य की पिछली सरकार ने उनकी आत्महत्या के मामले को पूरी तरह दबा दिया था और मुझे लगता है कि इसकी जांच होनी चाहिये।''
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन जांच अधिकारी ने इस मामले को बंद करने के लिये जबरदस्ती हमारे हस्ताक्षर लेने के प्रयास किये थे।
अक्षता ने कहा, ''यह सबकुछ किसके निर्देश पर हो रहा था? पुलिस को इसके पीछे की पूरी हकीकत की जांच करनी चाहिये। इस मामले के संबंध में पिछली सरकार से विस्तारपूर्वक पूछताछ होनी चाहिये।''
महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए 'पीटीआई-' से कहा, ''हम शोकाकुल परिवार के साथ हैं। हालांकि उच्चतम न्यायालय पहले ही अन्वय नाइक आत्महत्या मामले में अपना फैसला सुना चुका है और पिछली भाजपा सरकार को जांच को दबाने के आरोपों से मुक्त कर चुका है। ''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY