जरुरी जानकारी | अंबुजा सीमेंट्स ने 5,000 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर सांघी इंडस्ट्रीज में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उद्योगपति गौतम अडाणी के स्वामित्व वाली अंबुजा सीमेंट्स लि. (एसीएल) ने 5,000 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर सांघी इंडस्ट्रीज लि. (एसआईएल) में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा अडाणी समूह पर वित्तीय अनियमितता के आरोपों के बाद यह समूह का सबसे बड़ा सौदा है।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त उद्योगपति गौतम अडाणी के स्वामित्व वाली अंबुजा सीमेंट्स लि. (एसीएल) ने 5,000 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर सांघी इंडस्ट्रीज लि. (एसआईएल) में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा अडाणी समूह पर वित्तीय अनियमितता के आरोपों के बाद यह समूह का सबसे बड़ा सौदा है।
सांघी इंडस्ट्रीज पश्चिम भारत की प्रमुख सीमेंट कंपनी है।
अडाणी समूह की इकाई अंबुजा सीमेंट्स द्वारा सांघी इंडस्ट्रीज लि. (एसआईएल) के मौजूदा प्रवर्तकों...रवि सांघी और परिवार से कंपनी की 56.74 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया जाएगा।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि इस अधिग्रहण का वित्तपोषण पूरी तरह आंतरिक संसाधनों से किया जाएगा।
इसके अलावा अंबुजा सीमेंट्स एसआईएल के सार्वजनिक शेयरधारकों से 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी या 6.71 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदने के लिए खुली पेशकश लाएगी। यह खुली पेशकश 114.22 रुपये प्रति शेयर तक के मूल्य पर लाई जाएगी। अडाणी समूह इसके लिए 767.15 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा।
कंपनी को उम्मीद है कि यह अधिग्रहण सौदा तीन-चार माह में पूरा हो जाएगा। इसके लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की मंजूरी लेने की जरूरत होगी।
यदि खुली पेशकश को पूर्ण अभिदान मिल जाता है, तो अंबुजा सीमेंट्स के पास एसआईएल की 82.74 प्रतिशत हिस्सेदारी हो जाएगी।
इस सौदे से अंबुजा सीमेंट्स को अपनी क्षमता को बढ़ाकर 7.36 करोड़ टन सालाना करने में मदद मिलेगी। अल्ट्राटेक के बाद अंबुजा सीमेंट्स दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट विनिर्माता है। अडाणी समूह पिछले साल सितंबर में अंबुजा सीमेंट्स और उसकी अनुषंगी एसीसी लि. में बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने के बाद सीमेंट क्षेत्र में उतरा था।
बयान में कहा गया कि एसआईएल के अधिग्रहण से अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (एसीएल) को बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इससे कंपनी की सीमेंट उत्पादन क्षमता 6.75 करोड़ टन से बढ़कर 7.36 करोड़ टन की हो जाएगी।
बयान में कहा गया, ‘‘1.4 करोड़ टन के लिए पूंजीगत व्यय तथा 2023-24 की दूसरी तिमाही तक दाहेज और अमेथा में 55 लाख टन क्षमता चालू होने के बाद 2025 तक अडाणी समूह की क्षमता 10.1 करोड़ टन सालाना की होगी।’’
इस घटनाक्रम पर अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा, ‘‘यह एक ऐतिहासिक अधिग्रहण है। इससे अंबुजा सीमेंट्स की वृद्धि की यात्रा को तेज करने में मदद मिलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एसआईएल के साथ हाथ मिलाकर अंबुजा अपनी बाजार मौजूदगी का विस्तार करेगी और इससे उसका उत्पाद पोर्टफोलियो भी मजबूत होगा। इससे कंपनी की निर्माण सामग्री के क्षेत्र में अग्रणी स्थिति और मजबूत होगी। अडाणी समूह 2028 तक 14 करोड़ टन सालाना की सीमेंट उत्पादन क्षमता समय से पहले हासिल कर लेगा।’’
अडाणी ने कहा कि एसआईएल के पास एक अरब टन का चूना पत्थर (लाइमस्टोन) भंडार है। अंबुजा सीमेंट्स अगले दो साल में सांघीपुरम की क्षमता को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ टन सालाना करेगी।
अंबुजा सीमेंट्स सांघीपुरम में निजी बंदरगाह की क्षमता बढ़ाने पर भी निवेश करेगी। इससे वहां अधिक बड़े जहाज आ सकेंगे।
सांघी के पास गुजरात के कच्छ में सीमेंट संयंत्र हैं। इसमें 66 लाख टन सालाना क्षमता का क्लिंकर संयंत्र है और 61 लाख टन क्षमता का सीमेंट संयंत्र है।
कंपनी ने बयान में कहा कि एसआईएल की सांघीपुरम इकाई देश में किसी एक गंतव्य पर क्षमता के हिसाब से सबसे बड़ी सीमेंट और क्लिंकर इकाई है।
अंबुजा सीमेंट्स ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य एसआईएल को देश में क्लिंकर की सबसे कम लागत की उत्पादक बनाना है। अंबुजा अगले दो साल में सांघीपुरम की सीमेंट क्षमता को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ टन करेगी।’’
एसआईएल का 850 डीलर का नेटवर्क है। कंपनी की उपस्थिति गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और केरल के बाजारों में है।
सांघी इंडस्ट्रीज का कारोबार 31 मार्च 2023 को समाप्त वित्त वर्ष में 928.36 करोड़ रुपये रहा था।
चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही में अंबुजा सीमेंट्स का एकीकृत शुद्ध लाभ 31.2 प्रतिशत बढ़कर 1,135.46 करोड़ रुपये रहा है। तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 8,712.90 करोड़ रुपये रही है। कंपनी के नतीजों की घोषणा बुधवार को हुई थी।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)