देश की खबरें | अमरनाथ यात्रा: बालटाल-पहलगाम में श्रद्धालु फंसे, अधिकारियों से निकालने का अनुरोध किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खराब मौसम के कारण यात्रा स्थगित होने के बाद बालटाल और पहलगाम स्थित आधार शिविरों में फंसे अमरनाथ यात्रियों ने अधिकारियों से उन्हें निकालने का अनुरोध किया है।

श्रीनगर, आठ जुलाई खराब मौसम के कारण यात्रा स्थगित होने के बाद बालटाल और पहलगाम स्थित आधार शिविरों में फंसे अमरनाथ यात्रियों ने अधिकारियों से उन्हें निकालने का अनुरोध किया है।

बड़े पैमाने पर बारिश और भूस्खलन के बाद शुक्रवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी। अनंतनाग जिले के 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग पर यात्रा को खास तौर पर स्थगित कर दिया गया था।

इससे लगभग 50,000 तीर्थयात्रियों को कश्मीर घाटी के विभिन्न आधार शिविरों में रोकना पड़ा और लगभग 19,000 तीर्थयात्रियों को गांदरबल जिले के बालटाल आधार शिविर में रखा गया है।

रोनाली शाह ने कहा कि वह बृहस्पतिवार दोपहर से पंजतरणी आधार शिविर में फंसी हुई हैं। शाह ने कहा, ‘‘हम तीन दिन पहले शाम चार बजे यहां पहुंचे। धूप रहने के बावजूद हेलीकॉप्टर सेवा परिचालक ने हमें पहलगाम तक नहीं भेजा।’’

उन्होंने अधिकारियों से पंजतरणी आधार शिविर में फंसे तीर्थयात्रियों को लाने वाले निजी हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता को बदलने का भी आग्रह किया।

कई श्रद्धालु मौसम के बेहतर होने तक प्रतीक्षा करने और उसके बाद यात्रा जारी रखने को लेकर दृढ़ हैं। पंजाब के दो तीर्थयात्रियों ने कहा कि वे बारिश के थमने का इंतजार कर रहे हैं और प्रार्थना कर रहे हैं कि वे अपनी तीर्थयात्रा फिर से शुरू कर सकें।

नाथल के पास भूस्खलन का सामना करने वाले तीर्थयात्रियों में से एक राहुल ने कहा कि वह किसी तरह बचने में सफल रहा और यहां पंथाचौक आधार शिविर तक पहुंच गया।

एक अन्य यात्री नरेंद्र कुमार ने कहा कि रास्ते में भारी बारिश, भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण तीर्थयात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now