विदेश की खबरें | अल-जजीरा का दावा; सूडान में ब्यूरो प्रमुख को हिरासत में लिया गया

नेटवर्क ने ट्विटर पर कहा कि सूडान के सुरक्षाबलों ने अल-मुसल्लमी-अल-कब्बाशी के घर पर छापा मारा और उन्हें हिरासत में ले लिया।

सूडान के सुरक्षाबलों ने कल प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए गोलीबारी की थी और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। प्रदर्शनकारी देश की सत्ता पर सेना के काबिज होने का विरोध कर रहे थे।

सूडान डॉक्टर्स कमेटी ने कहा कि रविवार को 15 वर्षीय एक प्रदर्शनकारी की उसके पेट और जांघ में गोली लगने से मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई।

बाद के एक बयान में, अल-जज़ीरा ने कहा कि अल-कब्बाशी को सूडान की राजधानी खार्तूम में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। चैनल ने कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए सूडानी सेना जिम्मेदार है।

चैनल ने कहा, ‘‘अल-जज़ीरा सेना की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करता है और अधिकारियों से अल-कब्बाशी को तुरंत रिहा करने तथा अपने पत्रकारों को बिना किसी डर या धमकी के पत्रकारिता करने के लिए कहता है।’’

सूडानी अधिकारियों की इस पर तत्काल टिप्पणी प्राप्त नहीं हो सकी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)