देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में युवक की गोली मारकर हत्या

लखीमपुर खीरी, 11 मार्च उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के मिश्राना मोहल्ले में एक पुलिस चौकी के पास करीब पांच हमलावरों ने 20 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना सोमवार शाम को हुई, जब लखनऊ रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) प्रशांत कुमार होली से पहले कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर शहर में ही थे।

पुलिस के अनुसार, हाथीपुर के सेठ कॉलोनी निवासी अमोघ सेठ नामक युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में किताब की दुकान पर काम करने वाला एक कर्मचारी भी घायल हुआ है। पुलिस ने बताया कि जब अमोघ बचने के लिए दुकान में छिपने की कोशिश कर रहा था तभी हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली कर्मचारी आदित्य कश्यप के हाथ में लग गई। पुलिस के मुताबिक आदित्य कश्यप खतरे से बाहर है।

अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद हमलावर दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।

खीरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा के साथ शहर में गश्त कर रहे आईजी प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आईजी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सेठ का अनमोल पुरी बाला नामक एक अन्य व्यक्ति से विवाद था। मामले की गहन जांच की जाएगी और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

पुलिस ने मृतक के पिता भरत सेठ की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। भरत सेठ ने अनमोल और उसके पांच अज्ञात साथियों पर अमोघ की गोली मारकर हत्या करने और दुकान के कर्मचारी को घायल करने का आरोप लगाया है।

खीरी के पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए कई टीम बनाई गई हैं और वे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)