देश की खबरें | कोलकाता होटल अग्निकांड की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी: महापौर हकीम

कोलकाता, 30 अप्रैल महापौर फिरहाद हकीम ने बुधवार को कहा कि कोलकाता के बुर्राबाजार स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी।

इस अग्निकांड में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है।

घटनास्थल का दौरा करने के बाद हकीम ने कहा, “जांच समिति में नगर आयुक्त, दमकल विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि यह हादसा शहर के भीड़भाड़ वाले मेचुआपट्टी इलाके में स्थित एक होटल में हुआ, जिसमें 14 लोगों की मौत हुई है और 13 लोग घायल हो गए।

वहीं, पश्चिम बंगाल के निकाय मामलों और शहरी विकास मंत्री का प्रभार संभालने वाले हकीम ने दावा किया कि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने कहा, "हम मृतकों के परिजनों की इच्छा के अनुसार शव भेजने की व्यवस्था करेंगे।"

हकीम ने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।

होटल में अवैध निर्माण के आरोपों पर हकीम ने कहा कि इस तरह की शिकायतें केवल हादसे के बाद ही सामने आती हैं।

उन्होंने कहा, “जैसे आतंकवादी हमले के बाद ही उनके घरों को ध्वस्त किया जाता है, वैसे ही अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई अक्सर जान गंवाने के बाद ही होती है।”

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के पार्षद सजल घोष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि होटल में अवैध निर्माण की अनुमति दी गई थी और वहां एक बार भी बनाया जा रहा था, जिसमें नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों की मिलीभगत थी।

उन्होंने कहा, “शहरभर में अवैध निर्माण की कई शिकायतें हैं, लेकिन शायद ही कभी कार्रवाई होती है। हर बड़े हादसे के बाद जांच समितियां गठित की जाती हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकलता।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)