Who is Sameer Minhas? कौन हैं समीर मिन्हास? पाकिस्तानी ओपनर ने अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ तूफानी शतक जड़ रचा इतिहास
Sameer Minhas (Photo Credit: X Formerly Twitter)

India U19 National Cricket Team vs Pakistan U19 National Cricket Team Match Scorecard: भारतीय अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम पाकिस्तान अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2025 (ACC Men’s U19 Asia Cup) का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर(रविवार) को दुबई (Dubai) के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड (ICC Academy Ground) में खेला जा रहा हैं. हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींच लिया. इस खिताबी मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए समीर मिन्हास ने सिर्फ 71 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और भारत के खिलाफ इतिहास रच दिया. फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने टीम इंडिया के सामने रखा 348 रनों का टारगेट, समीर मिन्हास ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

फाइनल मुकाबले को लेकर पहले से ही जबरदस्त रोमांच था. भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाज़ शुरुआती ओवरों में समीर मिन्हास की आक्रामक बल्लेबाज़ी के सामने बेबस नजर आए. हालांकि हेनिल पटेल ने हम्ज़ा ज़हूर को जल्दी आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई, लेकिन इसके बाद समीर मिन्हास ने उस्मान खान के साथ मिलकर पारी को मजबूती से संभाल लिया. दोनों ने मिलकर महज सात ओवरों में ही टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया.

समीर मिन्हास का यह शतक टूर्नामेंट का दूसरा सबसे तेज़ शतक रहा. वह इस मामले में सिर्फ भारत के वैभव सूर्यवंशी से पीछे रहे. पावरप्ले में उनकी तेज़ रन गति ने भारत को बैकफुट पर धकेल दिया और पाकिस्तान के लिए बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी. उनकी टाइमिंग, शॉट सिलेक्शन और आत्मविश्वास फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में देखने लायक रहा.

कौन हैं समीर मिन्हास? Who is Sameer Minhas?

अगर समीर मिन्हास के करियर की बात करें, तो वह महज 19 साल के हैं और पाकिस्तान क्रिकेट के उभरते सितारों में शामिल हो चुके हैं. वह पाकिस्तान के पूर्व युवा खिलाड़ी अराफात मिन्हास के छोटे भाई हैं. कम उम्र के बावजूद समीर ने घरेलू और युवा क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है. वह साउदर्न पंजाब अंडर-16, मुल्तान अंडर-19, मुल्तान रीजन अंडर-19 और पाकिस्तान अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

अंडर-19 एशिया कप 2025 में समीर मिन्हास का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ नाबाद 177 रन की धमाकेदार पारी से की थी. हालांकि ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ वह कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने यूएई के खिलाफ 44 रन और बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 69 रन बनाकर जोरदार वापसी की.

पूरे टूर्नामेंट के आंकड़ों पर नजर डालें तो समीर मिन्हास ने 5 पारियों में 471 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 157.00 और स्ट्राइक रेट 117.46 रहा. फाइनल में भारत के खिलाफ खेली गई उनकी शतकीय पारी ने न सिर्फ पाकिस्तान को मजबूती दिलाई, बल्कि उन्हें देश के सबसे चमकते युवा बल्लेबाज़ों की कतार में खड़ा कर दिया. अंडर-19 एशिया कप 2025 का यह फाइनल समीर मिन्हास के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है. भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बड़े मंच पर शतक लगाकर उन्होंने यह साफ कर दिया है कि भविष्य में पाकिस्तान क्रिकेट को उनसे बड़ी उम्मीदें रहने वाली हैं.