हिंदू धर्म शास्त्रों में रामनवमी वर्ष का सर्वाधिक महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है. पौराणिक ग्रंथों के अनुसार इसी दिन श्रीहरि सातवें अवतार स्वरूप भगवान श्री राम लला के रूप में पृथ्वी पर अवतरित हुए थे. श्रीराम का जन्म अयोध्या में राजा दशरथ की ज्येष्ठ पत्नी माता कौशल्या के गर्भ से हुआ था. मान्यता है कि श्रीराम ने पृथ्वीवासियों को दुष्ट रावण के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी के दिन जन्म लिया था.
...