भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को गुरुवार को यहां राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने नेपाल सेना के जनरल के मानद रैंक से सम्मानित किया. राष्ट्रपति के आधिकारिक 'शीतल निवास' पर एक विशेष समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया. काठमांडू में भारतीय दूतावास के अनुसार, उन्हें समारोह के दौरान एक तलवार और एक स्क्रॉल भी प्रदान किया गया. इस समारोह में नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली, भारतीय राजदूत विनय एम. क्वात्रा और दोनों देशों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. दोनों देशों के सेना प्रमुखों को मानद उपाधि से सम्मानित करने की सात दशक पुरानी परंपरा चली आ रही है. कमांडर-इन-चीफ जनरल के.एम. करियप्पा पहले भारतीय सेना प्रमुख थे जिन्हें 1950 में इस उपाधि से सम्मानित किया गया था.
...