Punjab Municipal Elections 2026: पंजाब में नगर निगम और निकाय चुनावों के लिए मतदान शुरू, कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच डाले जा रहे हैं वोट; VIDEOS
(Photo Credits ANI)

 Punjab Municipal Elections 2026:  पंजाब में स्थानीय शहरी निकायों के लिए मतदान की प्रक्रिया आज (26 मई) सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है. मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं. मोहाली के सेक्टर-89 लखनौर स्थित सरकारी स्कूल समेत राज्य के विभिन्न पोलिंग बूथों पर सुबह से ही कतारें देखी जा रही हैं. राज्य में यह मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भाजपा के बीच माना जा रहा है, जिसे 2027 के विधानसभा चुनाव का 'सेमीफाइनल' भी कहा जा रहा है.

मतदान का समय और प्रक्रिया

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान सुबह 8:00 बजे से शुरू हो चुका है, जो शाम 5:00 बजे तक लगातार जारी रहेगा. इस बार का चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय मतपत्रों (Ballot Papers) और बैलट बॉक्स के जरिए कराया जा रहा है. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने मतपत्रों के इस्तेमाल को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करते हुए चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था. मतदान संपन्न होने के बाद वोटों की गिनती 29 मई को की जाएगी.  यह भी पढ़े:  Jharkhand Municipal Elections 2026: झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए मतदान शुरू, 6,124 उम्मीदवार मैदान में; यहां जानें पल-पल का लाइव अपडेट

पंजाब में नगर निगम और निकाय चुनावों के लिए मतदान

कितनी सीटों पर हो रहा है चुनाव?

पंजाब के कुल 103 शहरी स्थानीय निकायों में यह मतदान कराया जा रहा है. इसमें 8 नगर निगम (मोहाली, बठिंडा, मोगा, पठानकोट, अबोहर, बटाला, बरनाला और कपूरथला), 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतें शामिल हैं.

इन सभी निकायों के कुल 1,896 वार्डों (सीटों) पर पार्षदों का चुनाव करने के लिए मतदान हो रहा है. चुनावी मैदान में कुल 7,555 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें से 8 नगर निगमों के 396 वार्डों के लिए 1,613 उम्मीदवार मैदान में हैं.

पंजाब में मतदान

मतदाता संख्या और चुनावी समीकरण

इस चुनाव में राज्य के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के कुल 35.45 लाख से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग करने के पात्र हैं. कुल मतदाताओं में लगभग 18.33 लाख पुरुष मतदाता, 17.11 लाख महिला मतदाता और 220 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.

पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े नीचे दी गई तालिका में देखे जा सकते हैं:

विवरण (Details) कुल आंकड़े (Total Figures)
कुल स्थानीय निकाय (Local Bodies) 103 (8 नगर निगम, 75 नगर परिषद, 20 नगर पंचायत)
कुल वार्ड/सीटें (Wards) 1,896
मैदान में कुल उम्मीदवार (Candidates) 7,555 से अधिक
कुल योग्य मतदाता (Total Voters) 35.45 लाख
मतदान का समय (Polling Timings) सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
नतीजों की तारीख (Result Date) 29 मई, 2026

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पंजाब पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. राज्यभर में लगभग 32,000 पुलिस कर्मियों और 35,000 से अधिक चुनाव कर्मचारियों को तैनात किया गया है. राज्य चुनाव आयोग ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 740 पोलिंग बूथों को संवेदनशील और 274 बूथों को अति-संवेदनशील (Hypersensitive) घोषित किया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है.