देश

भीषण गर्मी ने किया आधे हिंदुस्तान का हाल बेहाल, लू और गर्म हवाओं का कहर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लगातार बढ़ता हुआ गर्मी का पारा लोगों पर अपना कहर बरपा रहा है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों करीब आधा हिंदुस्तान भीषण गर्मी की चपेट में है.

भीषण गर्मी ने किया आधे हिंदुस्तान का हाल बेहाल, लू और गर्म हवाओं का कहर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भीषण गर्मी (Photo Credits: PTI)

देश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी (Sun Stroke) और लू (Heat Stroke) ) ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं (Heat Waves) और लू का प्रकोप जारी है. आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से बाहर निकलना दुश्वार कर दिया है. लगातार बढ़ता हुआ गर्मी का पारा (Temperature) लोगों पर अपना कहर बरपा रहा है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग (Weather Department) ने रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों करीब आधा हिंदुस्तान भीषण गर्मी की चपेट में है.

आलम तो यह है कि राजधानी दिल्ली समेत जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शुक्रवार को मौसम का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया. वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान का पारा 50 डिग्री के करीब पहुंच गया है.

दिल्ली में गर्मी और लू का कहर

देश की राजधानी दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी और लू के थपड़ों का प्रकोप जारी है. शुक्रवार को यहां तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान 45-46 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, इस बार मौसम का पारा पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ सकता है. इसके अलावा हरियाणा के नारनौल में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया. यह भी पढ़ें: गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पारा 48 डिग्री पर पहुंचा, भीषण तपन से लोगों का हाल बेहाल

श्रीगंगानगर में पारा 50 के करीब

बात करें राजस्थान की तो यहां गर्म हवाओं और लू का सितम जारी है. राजस्थान के गंगानगर में शुक्रवार को पारा 49.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिसे अब तक का सबसे अधिकतम तापमान बताया जा रहा है. यहां तापमान ने पिछले 75 साल के रकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बना लिया है. वहीं इस राज्य के चुरु में तापमान 48.5 और बीकानेर में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गर्मी से शिमला का हुआ बुरा हाल

सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि अपने खुशमिजाज मौसम के लिए मशहूर पहाड़ों की रानी शिमला का भी गर्मी ने बुरा हाल कर दिया है. शुक्रवार को शिमला में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 5 डिग्री ज्यादा है.

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप

उत्तर प्रदेश में भी लू और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है. प्रयागराज में आसमान से बरसती आग के बीच शुक्रवार को पारा 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. कानपुर में तापमान 46.2 डिग्री और वाराणसी 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी ने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, जब तक बंगाल की खाड़ी से बहने वाली पूर्वी हवाएं उत्तर प्रदेश से होती हुई दिल्ली नहीं पहुंच जाती तब तक लू और गर्म हवाओं का कहर जारी रहेगा. यह भी पढ़ें: देशभर में लोग बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान, पारा 47.4 डिग्री तक पहुंचा

तेलंगाना के कई हिस्से लू की चपेट में

दक्षिण भारत के तेलंगाना के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है. बता दें कि तेलंगाना में भीषण गर्मी के चलते 22 दिनों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए तेलंगाना में आनेवाले तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी देते हुए धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव का अलर्ट

मौसम के सख्त मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने पंजाब-हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना समेत गर्मी की मार झेल रहे अन्य इलाकों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले हफ्ते तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना भी जताई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2019 02:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).