देश

Begusarai Horror: बेगूसराय में महिला से गैंगरेप की हैवानियत, प्राइवेट पार्ट से मिली जिंदा गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा

मामले को लेकर बेगूसराय के डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि पीड़िता के बयान प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होते हैं और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. डीएसपी के अनुसार महिला के शरीर के अंदर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और मेडिकल जांच के दौरान एक जिंदा गोली भी बरामद हुई है.

Begusarai Horror: बेगूसराय में महिला से गैंगरेप की हैवानियत, प्राइवेट पार्ट से मिली जिंदा गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा

Begusarai Horror: बिहार के बेगूसराय जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. जिले के चकिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित तौर पर पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोप है कि हमलावरों ने महिला के पति को एक कमरे में बंद कर दिया और फिर वारदात को अंजाम दिया. मामले ने तब और भयावह रूप ले लिया जब इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला के प्राइवेट पार्ट से एक जिंदा गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा निकाला.

घटना 11 जून की रात की बताई जा रही है. पीड़िता के अनुसार वह रात करीब 11:30 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी. इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और उसके पति को कमरे में बंद कर दिया.

मुंह बांधकर सुनसान जगह ले गए आरोपी

पीड़िता ने बताया कि जब वह वापस लौटी तो आरोपियों ने उसका मुंह बांध दिया और उसे जबरन घर से दूर एक सुनसान स्थान पर ले गए. वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. महिला के अनुसार विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपियों ने ब्लेड से उसके सीने और जांघ पर भी हमला किया.

इलाज के दौरान हुआ चौंकाने वाला खुलासा

घटना के बाद महिला को पहले बरौनी अस्पताल और फिर सदर अस्पताल रेफर किया गया. शुरुआती इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया, लेकिन दर्द लगातार बना रहा. पीड़िता ने बताया कि जब दोबारा जांच कराई गई तो डॉक्टरों ने उसके प्राइवेट पार्ट से एक जिंदा गोली, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा निकाला. महिला का कहना है कि हमले के दौरान वह बेहोश हो गई थी, इसलिए उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके साथ इतनी क्रूरता की गई है.

पहले भी हुई थी हमले की घटना

महिला ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है जब उसे निशाना बनाया गया. करीब तीन महीने पहले भी कुछ बदमाश उसके घर में घुसे थे और उसके साथ मारपीट तथा दुष्कर्म की कोशिश की थी. उस दौरान नकदी और जेवरात लूटे जाने का भी आरोप है. पीड़िता का कहना है कि उसने उस समय भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

पुलिस ने शुरू की वैज्ञानिक जांच

मामले को लेकर बेगूसराय के डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि पीड़िता के बयान प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होते हैं और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. डीएसपी के अनुसार महिला के शरीर के अंदर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और मेडिकल जांच के दौरान एक जिंदा गोली भी बरामद हुई है.

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2026 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).