देश की खबरें | योग तन एवं मन का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है: दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति

(इंट्रो में सुधार के साथ)

नयी दिल्ली, 21 जून दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति योगेश सिंह ने मंगलवार को कहा कि योग तन एवं मन का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘योग सप्ताह’ कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सिंह ने कहा कि योग और आयुर्वेद बीमारियों की रोकथाम में मदद करते हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा गांधी भवन के समन्वय से ‘योग सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में सिंह तथा रजिस्ट्रार विकास गुप्ता सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारियों ने योगाभ्यास किया।

सिंह ने कहा, ‘‘ हमने ‘योग सप्ताह’ मनाने का फैसला किया, क्योंकि यह लोगों को इसे अपने जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित कर सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ योग और आयुर्वेद बीमारियों को दूर रखते हैं। वह तन और मन को स्वस्थ रखते हैं। योग तन और मन का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। हम सभी खुश और सकारात्मक रहना चाहते हैं और ऐसा करने में योग हमारी मदद करता है।’’

विश्वविद्यालय ने एक बयान में बताया कि केंद्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 22 जून के कार्यक्रम के विशेष अतिथि होंगे और योग गुरु रामदेव मुख्य अतिथि होंगे।

यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

निहारिका दिलीप

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)