देश की खबरें | महिला आयोग ने अपूर्वा मुखीजा को ऑनलाइन धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बृहस्पतिवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आग्रह किया कि वे विवादास्पद वेब शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ अपूर्वा मुखीजा को बलात्कार और जान से मारने की धमकियां देने वाले लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ मुकदमा चलाएं।

एनसीडब्ल्यू ने ऑनलाइन माध्यमों से दी गईं धमकियों के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर मुखीजा के लिए भेजे गए अपमानजनक संदेशों का स्वत: संज्ञान लिया और ऐसे संदेशों की निंदा की।

ऑनलाइन दुर्व्यवहार को ‘‘घृणित’’ करार देते हुए आयोग ने जोर देकर कहा कि किसी भी महिला को सार्वजनिक स्थानों या डिजिटल दुनिया में असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए।

आयोग ने कहा, ‘‘यौन हिंसा या जान से मारने की धमकियां देना एक खतरनाक प्रवृत्ति को दर्शाता है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।’’

आयोग ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से धमकियों के पीछे के लोगों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने का आग्रह किया।

एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुमार वर्मा को पत्र लिखकर मामले की तत्काल और गहन जांच करने को कहा है और तीन दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि मुखीजा को आवश्यक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब कुछ सप्ताह पहले एनसीडब्ल्यू ने हास्य कलाकार समय रैना की मेजबानी वाले शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के एक कार्यक्रम के दौरान की गई अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर मुखीजा और रणवीर इलाहबादिया सहित कई सोशल मीडिया ‘इन्फ्लूएंसर’ को तलब किया था।

मुखीजा और इलाहबादिया दोनों ही मार्च की शुरुआत में आयोग के समक्ष पेश हुए थे और उन्होंने घटना पर खेद व्यक्त किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)