खेल की खबरें | टी20 विश्व कप में टीम के लचर प्रदर्शन के बाद इस्तीफा देंगे वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सिमंस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. वेस्टइंडीज के मुख्य कोच फिल सिमंस मौजूदा टी20 विश्व कप में कैरिबियाई टीम के लचर प्रदर्शन के कारण सुपर 12 चरण में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद इस साल के अंत में पद छोड़ देंगे।

सेंट जोंस, 25 अक्टूबर वेस्टइंडीज के मुख्य कोच फिल सिमंस मौजूदा टी20 विश्व कप में कैरिबियाई टीम के लचर प्रदर्शन के कारण सुपर 12 चरण में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद इस साल के अंत में पद छोड़ देंगे।

वेस्टइंडीज टी20 विश्व 2012 और 2016 में जीत के साथ इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है लेकिन मौजूद टूर्नामेंट ग्रुप चरण स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाफ हार के साथ टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। टीम ने राउंड रोबिन लीग में जिम्बाब्वे को हराया लेकिन वह चार टीम के ग्रुप में अंतिम स्थान पर रही।

दक्षिण अफ्रीका में 2007 में पहली टूर्नामेंट के बाद यह पहली बार था जब वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में विफल रही।

क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने सोमवार रात एक बयान में कहा, ‘‘उनका आखिरी टूर्नामेंट 30 नवंबर से 12 दिसंबर तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैच की श्रृंखला होगी।’’

स्थानीय मीडिया में कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके अनुबंध के अनुसार उन्हें अपने नियोक्ताओं को 12 सप्ताह का नोटिस देना होगा और इसलिए वे अगले साल जनवरी में टीम का साथ छोड़ेंगे।

वेस्टइंडीज के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी 59 वर्षीय सिमंस ने टी20 विश्व कप से टीम के जल्दी बाहर होने को निराशाजनक बताया।

सिमंस ने बयान में कहा, ‘‘मैं स्वीकार करता हूं कि यह केवल टीम नहीं है जो निराश है बल्कि वे गर्वित राष्ट्र भी निराश हैं जिनका हम प्रतिनिधित्व करते हैं। यह निराशाजनक है लेकिन हम उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए।’’

वेस्टइंडीज के लिए 1987 से 1999 तक 26 टेस्ट और 143 वनडे खेलने वाले सिमंस ने कहा, ‘‘हम काफी अच्छे नहीं थे और अब हमें अपनी भागीदारी के बिना एक पूरा टूर्नामेंट देखना होगा। यह निराशाजनक है और इसके लिए मैं अपने प्रशंसकों से माफी मांगता हूं।’’

वह 2016 में भी मुख्य कोच थे जब वेस्टइंडीज ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड को हराकर अपना दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था। अपने पहले छोटे कार्यकाल के बाद सिमंस को अक्टूबर 2019 में चार साल के कार्यकाल के लिए फिर से मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। हालांकि उस समय भी उन्हें विवादित तरीके से बर्खास्त कर दिया गया था।

सिमंस ने कहा, “व्यक्तिगत दृष्टिकोण से यह अचानक उठाया गया नहीं बल्कि एक ऐसा कदम है जिस पर मैं कुछ समय से विचार कर रहा था और अब यह सार्वजनिक करने का समय है कि मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के अंत में वेस्टइंडीज के मुख्य कोच के रूप में पद छोड़ दूंगा।’’

इस साल की शुरुआत में सिमंस के मार्गदर्शन में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को टेस्ट श्रृंखला में 1-0 से हराकर रिचर्ड्स-बॉथम ट्रॉफी जीती थी। वेस्टइंडीज ने अपनी पिछली टेस्ट श्रृंखला में बांग्लादेश को भी हराया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now