देश की खबरें | भारत की विभिन्न हस्तियों ने ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी

बेंगलुरु, 25 अक्टूबर भारत की विभिन्न हस्तियों ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सुनक को बधाई देते हुए कहा कि भाग्य का पहिया पूरी तरह घूम गया है।

बोम्मई ने सोमवार रात को हावेरी जिले के शिगगांव में संवाददाताओं से कहा कि अंग्रेजों ने 200 से अधिक वर्षों तक भारत पर शासन किया और उन्होंने कभी भी इतनी बड़ी घटना की उम्मीद नहीं की होगी।

उन्होंने कहा कि आज कई देशों में भारतीय सांसद चुने गए हैं। अब, ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुना गया है। उन्होंने कहा कि भाग्य का पहिया पूरी तरह से घूम गया है।

सुनक (42) ने सोमवार को कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में जीत हासिल कर प्रधानमंत्री बनने की तरफ कदम बढ़ा दिए।

सुनक की शादी बेंगलुरु में रहने वाले इंफोसिस के संस्थापक एन. आर. नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से हुई है। ऐसे में ‘बेंगलुरु के दामाद’ कहे जाने वाले सुनक की जीत पर शहर के लोग इसे एक ऐतिहासिक पल और एक ‘परिपक्व लोकतंत्र’ का प्रतीक बता रहे हैं।

नारायण मूर्ति ने अपने दामाद ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनाए जाने पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं।’’

मूर्ति ने ‘पीटीआई-’ को ईमेल के माध्यम से दी गई अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ‘‘ऋषि को बधाई। हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)