देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने संगम में लगाई डुबकी

महाकुम्भ नगर, 16 जनवरी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ में पहुंचे 10 देशों के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को संगम में डुबकी लगाई और विभिन्न अखाड़ों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिनिधियों ने इस दौरान न केवल महाकुम्भ के धार्मिक महत्व को समझा बल्कि भारतीय संस्कृति के अद्भुत पहलुओं का भी अनुभव किया।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधियों ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के बाद समूचे मेला क्षेत्र का दौरा किया।

अधिकारियों ने बताया कि इन प्रतिनिधियों ने दुनिया के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि महाकुम्भ दुनिया को एकता का संदेश दे रहा है और भारतीय संस्कृति को देखने व समझने के लिए सभी देशों के लोगों को यहां जरूर आना चाहिए।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिनिधि सैली एल अजाब ने कहा कि वह पश्चिमी एशिया से भारत आई हैं और यह एक अद्भुत क्षण है।

उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है और यहां सब कुछ पूरी तरह से व्यवस्थित है।

सैली ने कहा कि उन्हें यहां करोड़ों श्रद्धालुओं और उनकी विधिवत सुरक्षा व्यवस्था को देखकर भारतीय संस्कृति की महानता का अहसास हुआ।

प्रतिनिधि दल ने विभिन्न अखाड़ों के साधु-संतों से मुलाकात की और साधु-संतों ने कुंभ की प्राचीन परंपराओं, अखाड़ों की भूमिका और भारतीय संस्कृति की महिमा के बारे में उन्हें विस्तार से बताया।

महाकुम्भ में फिजी, फिनलैंड, गुयाना, मलेशिया, मॉरीशस, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, त्रिनिदाद और टोबैगो और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि पहुंचे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)