देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: आगरा में जामा मस्जिद में मांस रखने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगरा में पुलिस ने जामा मस्जिद में पशु के मांस का पैकेट रखने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
लखनऊ, 11 अप्रैल आगरा में पुलिस ने जामा मस्जिद में पशु के मांस का पैकेट रखने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान शहर के टीला नंदराम इलाके के निवासी नजरुद्दीन के रूप में हुई है।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज 11 अप्रैल को थाना मंटोला क्षेत्र की मस्जिद में मांस का टुकड़ा मिलने की घटना पर गठित पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी आदि की सहायता से तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।’’
पुलिस उपायुक्त (शहर) सोनम कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस को सुबह करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली कि जामा मस्जिद में पशु का मांस मिला है। सूचना का संज्ञान लेते हुए जब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांची गई तो पता चला कि पशु के मांस से भरा पैकेट रात करीब साढ़े 11 से रात 12 बजे के बीच वहां रखा गया और उसके बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया।’’
सोनम कुमार ने बताया, ‘‘तुरंत ही मांस को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया और मामले की जांच के लिए टीम गठित की गईं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की गई और कुछ सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) भी खंगाले गए।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि पैकेट को मस्जिद तक लाने के लिए एक स्कूटी का इस्तेमाल किया गया था।
कुमार ने बताया कि स्कूटी का पता लगाया गया और पुलिस उस दुकान पर पहुंची जहां से मांस खरीदा गया था।
दुकानदार से पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को नजरुद्दीन के बारे में पता चला। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और वह फिलहाल जेल में है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)