देश की खबरें | दिल्ली में अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से दो लोगों की मौत

नयी दिल्ली, एक अगस्त दक्षिण पश्चिमी दिल्ली में बुधवार को बिंदापुर इलाके में ट्यूशन से घर लौट रहे 12 वर्षीय एक लड़के की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें शाम साढ़े सात बजे घटना की सूचना प्राप्त हुई।

पुलिस ने डीडीए फ्लैट्स की दीवार के पास घटनास्थल से बिजली के तार लगे दो प्लास्टिक पाइप बरामद किए हैं।

सिंह ने बताया कि करंट लगने के बाद लड़के को इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लड़के के पिता ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में, प्रभात (28) की दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मीठापुर इलाके में उसके घर में करंट लगने से मौत हो गई।

अधिकारियों ने कहा कि बुधवार को बारिश होने के दौरान प्रभात अपने घर की छत पर गया था जहां वह पानी की टंकी के अलार्म से जुड़े तार के संपर्क में आ गया होगा।

हालांकि, उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर कोई चश्मदीद न होने से करंट लगने का सटीक कारण तत्काल स्पष्ट नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)