नयी दिल्ली, 31 मई दिल्ली में शनिवार शाम से लेकर अब तक पुलिस के दो सहायक उप-निरीक्षकों की कोविड-19 के कारण मौत हो गयी। अब तक शहर में तीन पुलिसकर्मी संक्रमण के कारण जान गंवा चुके हैं।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 52 वर्षीय एक एएसआई की रविवार सुबह 11.30 बजे यहां सेना के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी, वहीं इसी स्तर के एक अन्य अधिकारी की शनिवार शाम को इसी अस्पताल में मौत हो गयी थी।
दिल्ली पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस खतरनाक वायरस से अब तक करीब 500 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने दोनों एएसआई को श्रद्धांजलि अर्पित की और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सभी थानाध्यक्षों (एसएचओ) से एहतियाती उपायों और कर्मचारियों के लिये समर्पित कोविड-19 केंद्रों पर चर्चा की।
यह भी पढ़े | स्पेसएक्स का लॉन्च चंद्रमा और मंगल तक पहुंचने की ओर महत्वपूर्ण कदम: नासा.
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “दिल्ली पुलिस परिवार कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अपने दो बहादुर अधिकारियों की मौत पर दुखी है। उन्हें बचाने के हरसंभव प्रयास किये गए। हम एएसआई विक्रम और शेषमणि पांडे को श्रद्धांजलि देते हैं और ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। हम उनके परिजनों की हर तरह से मदद करने के लिये संकल्पित हैं।”
अधिकारियों के मुताबिक एएसआई विक्रम की रविवार सुबह मृत्यु हुई, वह बाहरी जिले के सुल्तानपुरी थाने में पदस्थ थे और एक मई से इलाके में गश्त की ड्यूटी पर थे।
अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले 11 और 22 मई को दो बार जांच में उनकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि बाद में 25 मई को उन्हें तबियत ठीक नहीं लगी और वह संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें एक सप्ताह के आराम की सलाह दी।
अतिरिक्त पीआरओ (दिल्ली पुलिस) अनिल मित्तल ने बताया कि वह किराड़ी सुलेमान नगर में अपने घर वापस आ गये, जहां अगले दिन तड़के उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी।
उन्होंने कहा कि 26 मई को एएसआई को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया और शाम को यहां आर्मी बेस अस्पताल भेज दिया गया। वहीं उनका इलाज चल रहा था।
मित्तल के अनुसार 26 मई को उनकी तीसरी जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 11.30 बजे एएसआई ने अंतिम सांस ली।
उन्होंने कहा कि एएसआई मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले थे और यहां किराड़ी सुलेमान नगर के इंदर एनक्लेव में परिवार के साथ रह रहे थे।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार में पत्नी और 24,19 व 15 साल के तीन बेटे हैं। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुल्तानपुरी पुलिस थाने के कुछ अन्य अधिकारी भी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गये थे लेकिन उनमें से अधिकतर ठीक हो गए।
उनसे पहले 54 वर्षीय एक सहायक उपनिरीक्षक शेषमणि पांडे की कोविड-19 से मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) मध्य दिल्ली के कमला मार्केट इलाके में अपराध शाखा के फिंगर प्रिंट ब्यूरो (एफपीबी) में काम करते थे।
पुलिस ने बताया कि वह पूर्व सैन्यकर्मी थे और एक नवंबर 2014 को दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। वह मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी थे और वर्तमान में पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में रह रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय भाटिया ने बताया कि एएसआई ने बुखार और खांसी की शिकायत की थी, जिसके बाद लेडी हार्डिंग अस्पताल में 26 मई को उनकी कोरोना वायरस संबंधी जांच कराई गई। 28 मई को आई जांच रिपोर्ट में उनके घातक विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
भाटिया ने बताया कि एएसआई को दिल्ली छावनी में सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था और शनिवार शाम उनकी मौत हो गई।
डीसीपी ने कहा कि पांडे के “करीबी संपर्क” में बताए जा रहे क्राइम ब्रांच के चार अधिकारियों की भी कोरोना वायरस की जांच के लिये नमूने लिये गए हैं और उन्हें घर पर पृथक-वास के लिये कहा गया है। अभी इनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
पांडे के परिवार में उनकी पत्नी माधुरी (50) और तीन बच्चे हैं।
पुलिसकर्मियों के बीच कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आयुक्त श्रीवास्तव ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये एसएचओ से बात की और उन्हें रोकथाम संबंधी कदमों से जुड़े कदमों व मानक संचालन प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
उन्होंने थानाध्यक्षों को पृथक-वास केंद्रों, जांच केंद्रों, उपचार सहायता, वैकल्पिक तौर पर ठहरने की व्यवस्था, दिल्ली पुलिस कर्मियों के लिये अस्पताल में आरक्षित बिस्तरों आदि के बारे में जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि अब तक करीब 500 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 200 उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।
इससे पहले मई की शुरुआत में उत्तर पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर थाने में तैनात 31 वर्षीय एक कांस्टेबल की कोविड-19 से मौत हो गई थी, जो कोरोना वायरस संक्रमण से दिल्ली में किसी पुलिसकर्मी की मृत्यु का पहला मामला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY