अगरतला, 12 जून त्रिपुरा में प्रेम त्रिकोण के कारण मारे गए एक युवक के माता-पिता ने अपने बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिए जाने की बृहस्पतिवार को मांग की।
त्रिपुरा के धलाई जिले में प्रेम प्रसंग के एक मामले में 26 वर्षीय शरीफुल मियां की कथित तौर पर हत्या कर उसके शव को आइसक्रीम फ्रीजर में छिपाकर रख दिया गया था। हत्या के सिलसिले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अगरतला के मस्जिद पारा इलाके में रहने वाला शरीफुल इलेक्ट्रीशियन का काम करता था और 20 वर्षीय महिला के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। महिला का रिश्ते का भाई भी उससे प्रेम करता था।
शरीफुल के माता-पिता ने कहा कि वे मुख्यमंत्री माणिक साहा से आग्रह करेंगे कि उनके बेटे की हत्या करने वालों को कड़ी सजा दी जाए।
शरीफुल के पिता आलमगीर मियां ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष पापिया दत्ता ने उनके परिवार से मुलाकात की और उनके बेटे की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘पापिया दत्ता ने मुझे आश्वासन दिया है कि वह मुख्यमंत्री माणिक साहा से मेरी मुलाकात करवाएंगी। अगर मुझे मुख्यमंत्री से मिलने का मौका मिलता है, तो मैं उनसे आग्रह करूंगा कि मेरे बेटे की हत्या करने वालों को कड़ी सजा दी जाए।’’
शरीफुल की मां मसुदा ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि मेरा बेटा अब जिंदा नहीं है...दिबाकर साहा ने ही आठ जून को (रात करीब नौ बजे) मेरे बेटे को फोन करके कोई तोहफा देने की बात की थी और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। मैं मेरे मासूम बेटे की हत्या में शामिल लोगों को कड़ी सजा मिलने का श्राप देती हूं ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसा नहीं हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY