जरुरी जानकारी | बांग्लादेश से पारगमन माल 2024-25 में 46 प्रतिशत बढ़ा, नौ अप्रैल से सुविधा बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल भूमि बंदरगाह पर भारत के रास्ते दोबारा निर्यात के लिए बांग्लादेश से भेजा जाने वाला पारगमन माल वित्त वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान 46 प्रतिशत बढ़ गया। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
कोलकाता, 11 अप्रैल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल भूमि बंदरगाह पर भारत के रास्ते दोबारा निर्यात के लिए बांग्लादेश से भेजा जाने वाला पारगमन माल वित्त वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान 46 प्रतिशत बढ़ गया। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
हालांकि, एक अधिकारी ने कहा कि भारत सरकार के पारगमन सुविधा रद्द करने वाले फैसले के बाद बांग्लादेश का पारगमन माल से लदा कोई भी ट्रक नौ अप्रैल से पेट्रापोल सीमा से नहीं आया है।
पेट्रापोल क्लियरिंग एजेंट्स स्टाफ वेल्फेयर एसोसिएशन (पीसीएएसडब्ल्यूए) की तरफ से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में 2,357.27 करोड़ रुपये मूल्य की 4,733 खेप ले जाने वाले 3,473 ट्रक पेट्रापोल के रास्ते बांग्लादेश से भारतीय सीमा में पहुंचे थे।
वित्त वर्ष 2024-25 में 4,861 ट्रकों ने 3,446.66 करोड़ रुपये मूल्य की 7,772 खेपों का परिवहन किया। यह उससे पहले के साल की तुलना में ट्रक आवाजाही में 36 प्रतिशत और माल के मूल्य में 46 प्रतिशत की उछाल को दर्शाता है।
भारत ने 29 जून, 2020 से भारतीय भूमि सीमा शुल्क स्टेशनों के माध्यम से और बाद में भारतीय बंदरगाहों और हवाई अड्डों के माध्यम से बांग्लादेश से तीसरे देशों को भेजे जाने वाले निर्यात माल के पारगमन की अनुमति दी थी।
हालांकि, इस साल आठ अप्रैल को, भारत सरकार ने पारगमन सुविधा को रद्द कर दिया। इस फैसले के बाद बांग्लादेश के बेनापोल बंदरगाह ने नौ अप्रैल को पारगमन माल ढोने वाले चार ट्रकों को लौटा दिया।
पेट्रापोल भूमि बंदरगाह के प्रबंधक कमलेश सैनी ने पीटीआई- से कहा, "बांग्लादेश से तीसरे देशों के लिए माल ले जाने वाला कोई भी ट्रक नौ अप्रैल से पेट्रापोल सीमा में नहीं आया है, और अगले आदेश तक स्थिति ऐसी ही रहेगी। हालांकि बांग्लादेश के साथ सामान्य प्रत्यक्ष आयात-निर्यात गतिविधि निर्बाध रूप से जारी है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)