देश की खबरें | दिल्ली के तीनों महापौरों ने कहा- सोमवार से धरनास्थल से ही चलायेंगे अपने कार्यालय
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 11 दिसंबर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ अपनी मुहिम तेज करते हुए भाजपा शासित निगमों के महापौरों ने कहा है कि वे सोमवार से धरनास्थल से ही अपना कार्यालय चलायेंगे। ये महापौर पिछले पांच दिनों से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास के बाहर धरने पर बैठे हैं।

तीनों महापौरों ने दावा किया है कि दिल्ली सरकार पर उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों का 13000करोड़ रूपये बकाया है।

यह भी पढ़े | Earthquake in Kerala: केरल के मलप्पुरम में महसूस किए गए भूकंप के झटके, 2.5 रही तीव्रता.

हालांकि आप ने कहा, ‘‘ भाजपा शासित नगर निगम जानते हैं कि उनका प्रदर्शन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को परेशान करने तथा राष्ट्रव्यापी किसान आंदोलन से ध्यान बंटाने के लिए पार्टी आलाकमान का एक बस एक बहाना है।’’

बृहस्पतिवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश, दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका और पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने धरनास्थल पर संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया और कहा कि प्रदर्शन‘‘लोकतांत्रिक ढंग से चलेगा ताकि वे निगम के कर्मचारियों को समय से वेतन का भुगतान कर सकें।’’

यह भी पढ़े | Farmers Protest: प्रदर्शनकारी किसानों के आराम के लिए लाई गई फूट मसाजर, देखें तस्वीरें.

शुक्रवार को उन्होंने दूसरा संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया और कहा, ‘‘ सभी तीनों महापौर मुख्यमंत्री के आवास के बाहर से सोमवार से अपना कार्यालय चलायेंगे।’’

प्रकाश ने कहा कि जबतक मुख्यमंत्री तीनों नगर निगमों को 13000 करोड़ रूपये जारी नहीं करते तबतक हम उनके निवास के बाहर धरना जारी रखेंगे।

उधर, आप ने कहा कि महापौरों को पता है कि दिल्ली सरकार ने ‘‘सारे फंड दे दिये’’ हैं और आरोप लगाया कि ‘‘भ्रष्टाचार और अकार्यकुशलता के चलते नगर निगम वित्तीय बर्बादी का सामना कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)