जरुरी जानकारी | अगस्त में घरेलू उड़ानों के यात्रियों की संख्या बढ़कर 1.01 करोड़ हुई

नयी दिल्ली, 16 सितंबर देश में घरेलू उड़ानों के यात्रियों की संख्या अगस्त में जुलाई की तुलना में चार प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1.01 करोड़ हो गयी। जुलाई में 97.05 लाख यात्रियों ने घरेलू उड़ानों से सफर किया था।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा, ‘‘इस साल जनवरी से अगस्त के दौरान कुल 7.70 करोड़ लोगों ने घरेलू उड़ानों के जरिये यात्रा की। इसमें सालाना आधार पर 67.38 प्रतिशत और मासिक आधार पर 50.96 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।’’

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की घरेलू बाजार में अगस्त के दौरान हिस्सेदारी 57.7 प्रतिशत रही, जो जुलाई में 58.8 प्रतिशत थी।

डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, विस्तार की आलोच्य माह में कुल घरलू यात्रियों की संख्या में हिस्सेदारी 9.7 प्रतिशत रही, जो जुलाई में 10.4 प्रतिशत थी।

देश की नई एयरलाइन आकाश ने इस दौरान घरेलू बाजार में 0.2 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की। कंपनी ने सात अगस्त को परिचालन शुरू किया है।

एयरएशिया समय पर प्रदर्शन के मामले में पिछले महीने शीर्ष स्थान पर रही जबकि विमानों में सीटों के मुकाबले क्षमता उपयोग स्पाइसजेट में सबसे अधिक 84.6 प्रतिशत का रहा।

इसके अलावा विस्तार और इंडिगो के विमानों में क्षमता उपयोग 84.4 प्रतिशत रहा जबकि गो फर्स्ट, एयर इंडिया, एयरएशिया और अलायंस एयर में यह क्रमश: 81.6 प्रतिशत, 73.6 प्रतिशत, 74.9 प्रतिशत और 65.5 प्रतिशत था।

कोविड-19 महामारी से बुरी तरह प्रभावित होने के बाद देश का विमानन क्षेत्र सुधार की राह पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)