गुवाहाटी, 10 अप्रैल केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान और राष्ट्र निर्माण के लिए उनके अनुभव का उपयोग सरकार की प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय के अनुरूप पेंशन वितरण के संबंध में नए नियम बनाए गए हैं, इनमें मृत कर्मचारियों के परिवारों को पेंशन भी शामिल है।
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘कर्मचारी अपने कार्यकाल के सर्वश्रेष्ठ वर्ष देश और राष्ट्र निर्माण में लगाते हैं। अब सेवानिवृत्त लोगों की संख्या बढ़ रही है और हमें उनके मुद्दों का समाधान करना होगा।’’
सिंह ने यहां केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए आयोजित सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला में भाग लेने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
सिंह ने कहा कि सरकार का ध्यान इस बात पर है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विशेषज्ञता और अनुभव का सर्वोत्तम उपयोग कैसे किया जाए और उनके सामने आने वाली समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने पुराने दिशा-निर्देशों को खत्म कर दिया है और सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों की मदद के लिए मौजूदा समय के अनुकूल नए नियम बनाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी तक सीमित नहीं रखकर विभिन्न शहरों में किया जाना केंद्र की सभी क्षेत्रों पर समान ध्यान देने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
असम के प्रदर्शन के बारे में मंत्री ने कहा कि केंद्रीय योजनाओं और पहल के क्रियान्वयन तथा उन्हें लागू करने के मामले में यह (असम) बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है।
सिंह ने कहा, ‘‘इस संबंध में मैं मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की प्रशंसा करना चाहूंगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY