देश की खबरें | बीजद के पूर्व विधायक ने पटनायक पर वक्फ विधेयक पर मतदान के मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व विधायक प्रवत त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक पर वक्फ विधेयक से जुड़े मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
भुवनेश्वर, 10 अप्रैल बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व विधायक प्रवत त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक पर वक्फ विधेयक से जुड़े मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
वक्फ संशोधन विधेयक पर मतदान के मुद्दे को लेकर विपक्षी बीजद में जारी खींचतान के बीच त्रिपाठी के आरोपों से पार्टी के भीतर की कलह खुलकर सामने आने लगी है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पटनायक ने बुधवार को मीडिया को दिए अपने बयान में वक्फ विधेयक पर मतदान के मुद्दे पर कुछ नहीं कहा जबकि इस विधेयक पर मतदान को लेकर अंतिम समय में बीजद के रुख में बदलाव से पार्टी और राज्य में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।
त्रिपाठी ने दावा किया, ‘‘उन्होंने (पटनायक) मेरे निलंबन पर झूठ बोला। पार्टी ने 2017 में मेरे खिलाफ कार्रवाई वापस ले ली थी। मैंने पार्टी से मेरा निलंबन रद्द करने का आग्रह नहीं किया, लेकिन उन्होंने (पटनायक) मेरी अहमियत को ध्यान में रखते हुए इसे रद्द कर दिया। इसलिए, मैंने 2019 और 2024 के चुनावों के दौरान बीजद के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया।’’
हालांकि, बीजद ने इस आरोप को खारिज कर दिया।
बीजद प्रवक्ता एल. मोहंती ने कहा, "त्रिपाठी को अनुशासनहीनता के लिए 1998 और 2014 में दो बार पार्टी से निलंबित किया गया था। बीजद अध्यक्ष के खिलाफ उनके आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं थे। एक वरिष्ठ नेता होने के नाते त्रिपाठी को तथ्यों के आधार पर बयान देना चाहिए।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)