देश की खबरें | दिल्ली में वायु प्रदूषण के ‘गंभीर’ श्रेणी में होने के कारण श्रीलंका ने अभ्यास सत्र रद्द किया

नयी दिल्ली, चार नवंबर विश्व कप मैच से पहले राष्ट्रीय राजधानी में  वायु प्रदूषण के ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने के कारण श्रीलंका को भी शनिवार को अपना शुरुआती अभ्यास सत्र रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

इससे पहले बांग्लादेश ने शुक्रवार को अपना अभ्यास सत्र रद्द किया था।

बांग्लादेश की टीम बुधवार को दिल्ली पहुंच गयी थी लेकिन टीम ने शुक्रवार को अभ्यास नहीं करने का फैसला किया क्योंकि शहर में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में पहुंच गया था।

श्रीलंका के खिलाड़ियों ने भी शनिवार को होटल के अंदर रहना ही सही समझा क्योंकि सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 407 था।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के एक सूत्र ने शनिवार के अभ्यास सत्र का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वायु गुणवत्ता के मुद्दे के कारण इसे रद्द कर दिया गया।’’

बांग्लादेश की टीम सोमवार को खेले जाने वाले मैच से दो दिन पहले प्रदूषण का बहादुरी से सामना करने के लिए तैयार है। कार्यक्रम के मुताबिक टीम शनिवार को शाम छह बजे से अभ्यास करेगी।

  एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।

इसकी संभावना बहुत कम है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) इस मैच को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित करेगी। मैच के आयोजन पर हालांकि कोई फैसला छह नवंबर को ही होगा।

आईसीसी के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘हम फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहे हैं। आईसीसी और हमारे मेजबान बीसीसीआई के लिए सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है । हम दिल्ली में हवा की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। हम स्थिति का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की सलाह ले रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)