खेल की खबरें | स्क्वाश की शुरुआत के लिये राज्य, केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का इंतजार है एसआरएफआई को

चेन्नई, 31 मई भारतीय स्क्वाश रैकेट महासंघ (एसआरएफआई) ने कहा है कि वे विश्व स्क्वाश महासंघ (डब्ल्यूएसएफ) के दिशानिर्देशों के अनुसार ही नहीं चल सकते और उन्हें कोरोना वायरस के बाद खेल की शुरुआत के लिये राज्य और केंद्र सरकार के निर्देशों का इंतजार करना होगा।

एसआरएफआई के सचिव साइरस पोंचा और राष्ट्रीय विकास अधिकारी हरीश प्रसाद ने शनिवार को वेबीनार के दौरान राष्ट्रीय सर्किट में कुछ बदलावों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद सभी बदलाव धीरे धीरे लागू किये जाएंगे।

यह भी पढ़े | विराट कोहली को याद आया पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में खेली गई 183 रन की विस्फोटक पारी.

डब्ल्यूएसएफ ने कोरोना वायरस के चलते लगाये गये लॉकडाउन के बाद खेल की वापसी के लिये कुछ दिशानिर्देश जारी किये हैं। पोंचा ने कहा कि वे इन दिशानिर्देशों का पालन करेंगे लेकिन उन्हें पहले सरकारी नियमों के अनुसार चलना होगा।

पोंचा ने कहा, ‘‘ये दिशानिर्देश सभी देशों में समान रूप से लागू नहीं हो सकते हैं। हम आगे की योजना तैयार करने के लिये राज्य और केंद्र सरकार के नये दिशानिर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। ’’

यह भी पढ़े | Khel Ratna Award 2020: बीसीसीआई ने रोहित शर्मा का नाम खेल रत्न के लिए भेजा, शिखर धवन- इशांत शर्मा और दीप्ति शर्मा को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की.

राष्ट्रीय सर्किट में बदलाव के बारे में उन्होंने कहा कि एसआरएफआई विभिन्न आयु वर्ग की लड़कियों को अंडर-19 स्तर में खेलने की अनुमति देगा।

इस तरह से अब अंडर-11, 13, 15 और 17 में खेलने वाली लड़कियां अपने आयु वर्गों के अलावा अंडर-19 में भी खेल पाएंगी।

पोंचा ने कहा, ‘‘यह अभी लड़कों पर लागू नहीं होगा। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)