जरुरी जानकारी | स्पाइसजेट का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में तीन गुना होकर 325 करोड़ रुपये पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. किफायती एयरलाइंस स्पाइसजेट ने शनिवार को कहा कि बीते वित्त वर्ष की मार्च 2025 तिमाही में उसका कर पश्चात एकल मुनाफा लगभग तीन गुना होकर 324.87 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

मुंबई, 14 जून किफायती एयरलाइंस स्पाइसजेट ने शनिवार को कहा कि बीते वित्त वर्ष की मार्च 2025 तिमाही में उसका कर पश्चात एकल मुनाफा लगभग तीन गुना होकर 324.87 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

एयरलाइन ने शेयर बाजार को बताया कि 2023-24 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 119 करोड़ रुपये था।

स्पाइसजेट ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 16 प्रतिशत घटकर 1,446.37 करोड़ रुपये रह गया, जो 2023-24 की चौथी तिमाही में 1,719.3 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2024-25 में स्पाइसजेट ने 58.74 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में उसे 409 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस अवधि में परिचालन राजस्व 25 प्रतिशत घटकर 5,284 करोड़ रुपये रह गया, जो 2023-24 में 7,050 करोड़ रुपये था।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि उसने पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 319 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक तिमाही लाभ दर्ज किया और पूरे साल का शुद्ध लाभ 48 करोड़ रुपये रहा, जो सात साल में पहला है, जो इसकी वित्तीय और परिचालन बदलाव रणनीति की सफलता को रेखांकित करता है।

प्रवर्तक समूह ने 500 करोड़ रुपये का इक्विटी निवेश पूरा कर लिया है, जिसमें पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 294.09 करोड़ रुपये की अंतिम किस्त भी शामिल है। यह कंपनी के दीर्घकालिक दृष्टिकोण और क्षमता में उसके मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अजय सिंह ने कहा, “स्पाइसजेट ने शानदार नतीजे दिए हैं, जिससे हमारे परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। लगातार दूसरी तिमाही और सात साल बाद पूरे वित्त वर्ष में लाभ दर्ज करना हमारी टीम के अथक प्रयासों, हमारे यात्रियों के निरंतर भरोसे और हमारे ब्रांड की दृढ़ता का प्रतिबिंब है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now