मुंबई, 21 जून महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल से अपनी पार्टी को अलग कर लेने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को कहा कि गुजरात के सूरत में डेरा डाले शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे के साथ प्रदेश भाजपा के कुछ विधायक ‘निजी हैसियत’ से मुलाकात करेंगे ।
साथ ही पाटिल ने कहा कि यदि महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे से भाजपा को राज्य में सरकार बनाने का कोई प्रस्ताव मिलता है तो वह ‘‘यकीनन उसपर विचार करेंगे।’’
उन्होंने स्वीकार किया कि महाराष्ट्र के पार्टी विधायक संजय कुटे ने शिंदे से मुलाकात की थी।
शिंदे और शिवसेना के कुछ अन्य विधायकों से संपर्क नहीं हो पाने और उनके गुजरात के सूरत के एक होटल में ठहरने की पृष्ठभूमि में पाटिल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण होंगे और घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी करीब से नजर रख रही है ।
पाटिल ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के भाजपा विधायक संजय कुटे ने निजी हैसियत से सूरत में शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। भाजपा का मौजूदा घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। शिंदे का फैसला भाजपा की किसी योजना का हिस्सा नहीं है।’’
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि यह सही नहीं है कि सूरत में शिंदे के साथ गए (शिवसेना) विधायकों ने हाल में संपन्न राज्यसभा और राज्य विधान परिषद चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को गुप्त रूप से वोट दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें सभी दलों के असंतुष्ट विधायकों का समर्थन मिला है।’’
इससे पहले, दिन में पाटिल ने ‘पीटीआई-’ से कहा था कि अगर भाजपा को शिंदे से सरकार बनाने का कोई प्रस्ताव मिलता है तो पार्टी निश्चित रूप से उस पर गंभीरता से विचार करेगी, क्योंकि शिवसेना और भाजपा ने पहले भी साथ काम किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY