देश की खबरें | एसजेवीएन ने अरुणाचल में एटालिन परियोजना के लिए 269.98 करोड़ रुपये का भूमि मुआवजा जारी किया

ईटानगर, 11 अप्रैल अरुणाचल प्रदेश में पनबिजली विकास के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) लिमिटेड ने दिबांग घाटी में 3,097 मेगावाट की एटालिन जलविद्युत परियोजना (एचईपी) के लिए भूमि मुआवजे के रूप में 269.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

यह राशि 26 मार्च को उपायुक्त और जिला भूमि राजस्व एवं बंदोबस्त अधिकारी (डीएलआरएसओ) के संयुक्त खाते में जमा कर दी गई।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को तवांग में हुई समीक्षा बैठक के दौरान इसकी पुष्टि की गई। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, मुख्य सचिव मनीष गुप्ता, ऊर्जा आयुक्त सोनम चोम्बे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे।

एटालिन जलविद्युत परियोजना के प्रमुख शिराज स्वान ने औपचारिक रूप से दिबांग घाटी के उपायुक्त पगली सोरा को मुआवजे का चेक सौंपा।

बारह अगस्त, 2023 को समझौता पत्र (एमओए) पर हस्ताक्षर करने के बाद राज्य सरकार ने 5,097 मेगावाट की कुल स्थापित क्षमता वाली जिले की चार अन्य जलविद्युत परियोजनाओं के साथ एटालिन परियोजना को एसजेवीएन को सौंप दिया था।

इन परियोजनाओं से कुल मिलाकर 60,000 करोड़ रुपये का संयुक्त निवेश होने की उम्मीद है।

एसजेवीएन लिमिटेड भारत में सार्वजनिक क्षेत्र की एक प्रमुख विद्युत इकाई है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जलविद्युत, सौर, पवन और तापीय परियोजनाओं के विकास पर काम कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)