जरुरी जानकारी | सीतारमण ने श्रीलंका के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर की चर्चा

कोलंबो, तीन नवंबर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्द्धने से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं के साथ आर्थिक और वाणिज्यिक क्षेत्र में दोनों देशों की संयुक्त पहल पर चर्चा की।

सीतारमण श्रीलंका की तीन-दिवसीय यात्रा पर हैं।

वित्त मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग मंच एक्स पर पोस्ट किया, “उन्होंने आर्थिक और वाणिज्यिक क्षेत्र में भारत-श्रीलंका की संयुक्त पहल पर चर्चा की। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जुलाई 2023 में उनकी भारत यात्रा के दौरान अपनाया गया ‘आर्थिक साझेदारी पर विजन दस्तावेज’ दोनों देशों की समुद्री, वायु, डिजिटल, ऊर्जा और लोगों से लोगों की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।”

मंत्रालय ने कहा कि वित्त मंत्री ने आर्थिक और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को लेकर समझौते और यूपीआई-आधारित डिजिटल भुगतान पर हाल की बातचीत में हुई प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया। इसके साथ निवेश आधारित समर्थन और द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर विचार साझा किए।

बयान के अनुसार, उन्होंने मन्नार में अंतर-ग्रिड कनेक्टिविटी, विमानन, बिजली परियोजनाओं, तेल अन्वेषण में सहयोग पर भी चर्चा की।

सीतारमण ने आश्वासन दिया कि भारत ऋण पुनर्गठन से संबंधित मामलों पर श्रीलंका सरकार के साथ सहयोग करना जारी रखेगा।

प्रधानमंत्री के साथ बैठक के दौरान सीतारमण ने भारत-श्रीलंका आर्थिक भागीदारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और व्यापार व निवेश को बढ़ावा देने, पर्यटन को बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को को बढ़ावा देने के लिए विचार साझा किए।

दोनों नेताओं ने डिजिटल भुगतान और डिजिटल पहचान के अलावा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और डेयरी विकास में सहयोग पर भी बात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)