देश की खबरें | दिल्ली में 55 स्थानों पर सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ के दौरान सायरन बजाए गए, लोगों को निकाला गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 55 स्थानों पर सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ (सुरक्षा अभ्यास) की गई और इस दौरान तेज आवाज में बजते सायरन, सुरक्षित स्थानों की ओर भागते लोग, स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाये जाने जैसे कुछ दृश्य दिखे।

नयी दिल्ली, सात मई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 55 स्थानों पर सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ (सुरक्षा अभ्यास) की गई और इस दौरान तेज आवाज में बजते सायरन, सुरक्षित स्थानों की ओर भागते लोग, स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाये जाने जैसे कुछ दृश्य दिखे।

राष्ट्रव्यापी 'ऑपरेशन अभ्यास' के तहत हवाई हमलों, एक साथ कई स्थानों पर आग लगने की घटनाओं और खोज व बचाव अभियान जैसे विभिन्न परिदृश्यों का किस तरह सामना करना है, इसको दर्शाते हुए ‘मॉक ड्रिल’ की गईं।

कई स्थानों पर पीसीआर वैन और दमकल गाड़ियां तैनात की गईं, जबकि सुरक्षा कर्मियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भारी तैनाती की गई।

खान मार्केट में, सायरन बजाए गए और लोगों को निकासी अभ्यास के तहत भागने के लिए कहा गया।

चांदनी चौक में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, कर्मियों और एनसीसी कैडेट की मौजूदगी में ‘मॉक ड्रिल’ की गई। टाउन हॉल के पास चांदनी चौक में निकासी अभ्यास शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में सायरन बजने लगे, जिससे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

बचाव कार्य शुरू करने का संकेत देते हुए दूसरा सायरन बजाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों को घायलों को बचाने जबकि लोगों से शांत रहने और घायलों की मदद करने का अभ्यास कराया गया।

दिल्ली अग्निसेवा की क्रेन का इस्तेमाल ऊंची इमारतों तक पहुंचने और फंसे हुए लोगों को निकालने को दर्शाया गया।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सायरन बजाया गया। चिकित्सकों का एक दल और कई एम्बुलेंस के साथ दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं।

एनडीएमसी बिल्डिंग में अलार्म सायरन बजाया गया और कर्मचारियों को बाहर निकालकर बेसमेंट में ले जाया गया।

आरबीआई बिल्डिंग में भी ‘मॉक ड्रिल’ की गई जिसमें कांच की खिड़कियों से दूर रहने और दोनों हाथों से सिर ढककर छिपने के लिए सुरक्षित जगह खोजने के निर्देश दिए गए।

यह अभ्यास मंगलवार देर रात को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\