देश की खबरें | मेट्रो स्टेशन से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक शटल बस सेवा की शुरुआत

नयी दिल्ली, तीन नवंबर दिल्ली के परिवहन विभाग ने केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन के पास स्थित मेट्रो स्टेशन को प्रधानमंत्री संग्रहालय से जोड़ने वाले मार्ग पर समर्पित बस सेवाएं चलाने पर सहमति जताई है। संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय लगातार आगंतुकों को सुविधाएं प्रदान करने के नये तौर-तरीके ढूंढ रहा है और यह देखा गया है कि आगंतुकों को मेट्रो स्टेशन और तीन मूर्ति स्थित संग्रहालय के बीच कनेक्टिविटी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

बयान के अनुसार, बस सेवा एक नवंबर 2023 से शुरू हो चुकी है।

मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय में एक लोकप्रिय ‘लाइट एंड साउंड शो’ का आयोजन भी होता है, जो आजादी के बाद से भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उल्लेखनीय यात्रा को प्रस्तुत करता है और चंद्रयान इस यात्रा की नवीनतम सफलता है।

मंत्रालय ने कहा कि भारत की महिला योद्धाओं (वीरांगनाओं) से संबधित दूसरा ‘लाइट एंड साउंड’ शो भी नवंबर में शुरू होने वाला है।

बयान में कहा गया है, “प्रबंधन के अनुरोध पर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) सरकार के परिवहन विभाग ने केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन के पास स्थित मेट्रो स्टेशन को प्रधानमंत्री संग्रहालय से जोड़ने वाले मार्ग पर समर्पित बस सेवाएं चलाने पर सहमति जताई है। मिलने वाली प्रतिक्रियाओं के आधार पर जल्द ही लोक कल्याण मार्ग पर स्थित मेट्रो स्टेशन भी इससे जुड़ जाएगा।”

मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय से हर घंटे टिकट वाली बस सेवा चलेगी और इस बात की भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं कि क्या बस में चढ़ते समय आगंतुकों को संग्रहालय का टिकट उपलब्ध कराया जा सकता है।

मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अप्रैल 2022 को इस संग्रहालय का उद्घाटन किया था और यह बच्चों, छात्रों, वरिष्ठ शोधकर्ताओं और घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण गंतव्य बन गया है।

बयान के अनुसार, इस संग्रहालय में प्रतिदिन लगभग 2000 आगंतुक आते हैं। प्रत्येक आगंतुक संसदीय लोकतंत्र में भारत की यात्रा के साथ-साथ इसकी विकासात्मक सफलता का अनूठा संदेश भी अपने साथ ले जाता है। उद्घाटन के बाद से इस संग्रहालय को जल्द ही सात लाख आगंतुकों के यहां पहुंचने की उपलब्धि हासिल होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)