देश की खबरें | शिवसेना नेता शिंदे ने की बगावत, विधायकों के साथ सूरत में डेरा डाला, एमवीए सरकार संकट में

मुंबई/सूरत, 21 जून महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार संकट में नजर आ रही है, क्योंकि शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे ने बगावत करते हुए पार्टी के कुछ विधायकों के साथ सूरत के एक होटल में डेरा जमाया हुआ है।

एक दिन पहले संपन्न विधान परिषद चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच उनके इस कदम से राज्य में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एवीए) सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

हालांकि, शिंदे ने फिलहाल अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। इस बीच, शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि भाजपा शासित गुजरात के सूरत शहर में शिंदे के साथ पार्टी के 14 से 15 विधायक हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नितिन देशमुख सहित इनमें से दो विधायकों को पीटा गया है और देशमुख को दिल का दौरा पड़ा है।

शिवसेना ने ठाणे से ताल्लुक रखने वाले शिंदे (58) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा में पार्टी समूह के नेता पद से हटा दिया है।

उधर, संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कदम उठाने शुरू किए और अपने एक प्रतिनिधिमंडल को सूरत भेजा तथा बगावती तेवर अपनाने वाले नेता शिंदे से फोन पर बात भी की।

ठाकरे द्वारा भेजे गए शिवसेना के दो नेताओं ने मंगलवार को सूरत के एक होटल में बागी नेता एकनाथ शिंदे और अन्य विधायकों से मुलाकात की और महाराष्ट्र सरकार के अस्तित्व को खतरे में डालने की क्षमता वाले आंतरिक संकट को दूर करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

ठाकरे के विश्वासपात्र मिलिंद नार्वेकर व रवींद्र फाटक तथा शिंदे और अन्य विधायकों के बीच यह चर्चा होटल में हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना नार्वेकर और रवींद्र सड़क मार्ग से मुंबई रवाना हो गए।

महाराष्ट्र में विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजे आने के कुछ घंटे बाद शिंदे और उनके समर्थक विधायक सोमवार देर रात सूरत के होटल पहुंचे।

राउत ने संवाददाताओं से कहा कि शिंदे, जिनके पास शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी विभाग का प्रभार है, उन्हें विधानसभा में शिवसेना समूह के नेता पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह अजय चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)