मुंबई/सूरत, 21 जून महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार संकट में नजर आ रही है, क्योंकि शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे और कुछ विधायक एकांतवास में चले गए हैं और उन्होंने संभवत: सूरत के एक होटल में डेरा डाल लिया है।
एक दिन पहले संपन्न विधान परिषद चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ होने की आशंकाओं के बीच उनके इस कदम से राज्य में सत्तारूढ़ महा विकास आघाडी (एवीए) की स्थिरता सवालों के घेरे में आ गई है।
हालांकि, शिंदे ने फिलहाल अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। इस बीच, महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने महाराष्ट्र के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम से उनकी पार्टी का कोई भी संबंध होने से इनकार किया है। तथापि, उन्होंने कहा है कि अगर शिंदे सरकार बनाने का प्रस्ताव लेकर आते हैं तो भाजपा इस पर ‘जरूर विचार करेगी।’
वहीं, दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में तीसरी बार सरकार गिराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह शिवसेना का आंतरिक मामला है और उद्धव ठाकरे स्थिति को संभाल लेंगे।
महाराष्ट्र की 288 सदस्सीय विधानसभा में भाजपा के 106, शिवसेना के 55, राकांपा के 53, कांग्रेस के 44, बहुजन विकास आघाडी के तीन और समाजवादी पार्टी, एआईएमआईएम व प्रहार जनशक्ति पार्टी के दो-दो विधायक हैं।
वहीं, मनसे, माकपा, पीडब्लूपी, स्वाभिमानी पक्ष, राष्ट्रीय समाज पार्टी, जनसुराज्य शक्ति पार्टी और क्रांतिकारी शेतकारी पक्ष के पास राज्य विधानसभा में एक-एक विधायक हैं। महाराष्ट्र विधानसभा में निर्दलीय विधायकों की संख्या 13 है।
एमवीए के अन्य घटक दलों, राकांपा और कांग्रेस के नेताओं ने हालांकि दावा किया कि राज्य सरकार की स्थिरता पर कोई खतरा नहीं मंडरा रहा है।
वहीं, शिवसेवा सांसद संजय राउत ने कहा कि शिंदे से संपर्क हो गया है। उन्होंने शिंदे को ‘बालासाहेब ठाकरे के वफादार शिवसैनिक’ के रूप में वर्णित किया।
शिंदे और शिवसेना के कुछ अन्य विधायकों के अचानक गायब हो जाने के बाद उद्धव को मुंबई में अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर पार्टी नेताओं तथा विधायकों की आपात बैठक बुलानी पड़ी।
शिंदे के साथ डेरा डालने वाले विधायकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शिवसेना का उसके कई विधायकों से संपर्क टूट गया है।
वरिष्ठ राकांपा नेता और राज्य सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि उनकी पार्टी के विधायक स्थिर हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY