तिरुवनंतपुरम, 11 अप्रैल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केरल इकाई के सचिव एम. वी. गोविंदन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ‘‘कथित भुगतान’’ के एक मामले में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा के खिलाफ गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) की कार्रवाई केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का एक और उदाहरण है।
गोविंदन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह केंद्र, दक्षिणपंथी मीडिया और माकपा-विरोधी दलों की एक राजनीतिक साजिश है।’’
उन्होंने कहा कि यह मामला वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक और कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के बीच का है, जिसने वीणा की कंपनी द्वारा प्रदान की गई सेवाओं के लिए उसे मासिक भुगतान किया। उन्होंने कहा कि भुगतान का तरीका बैंक लेनदेन के माध्यम से पारदर्शी है।
गोविंदन ने आरोप लगाया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले माकपा एवं उसके प्रमुख नेता की छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश के तहत मुख्यमंत्री का नाम इस मामले में घसीटा गया।
उन्होंने कहा कि एसएफआईओ ने अदालत में लंबित इस मामले में राजनीतिक एजेंडे के तहत आरोपपत्र दाखिल किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री के खिलाफ भी ऐसे आरोप लगे थे, जो बेबुनियाद साबित हुए और एसएफआईओ के मामले का भी यही हश्र होगा।
गोविंदन ने कहा कि माकपा मुख्यमंत्री पर लगाए जा रहे 'झूठे आरोपों' के खिलाफ राजनीतिक और कानूनी रूप से लड़ेगी।
मलयालम फिल्म 'एम्पुरान' के निर्माताओं के खिलाफ केंद्र सरकार की एजेंसियों द्वारा की जा रही कार्रवाई पर गोविंदन ने कहा कि राज्य में फिल्म जगत की हस्तियों का एक समूह ऐसी 'फासीवादी' प्रवृत्तियों के खिलाफ आगे आया है।
उन्होंने कहा कि माकपा देश में धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई का समर्थन करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY