देश की खबरें | मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज की पढ़ाई कर रहे हरियाणा के सभी छात्रों को देंगे छात्रवृत्ति: सैनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि देश भर में किसी भी राजकीय महाविद्यालय में मेडिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले राज्य के सभी अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को शत प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी और इसके लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा।
गुरुग्राम, 13 अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि देश भर में किसी भी राजकीय महाविद्यालय में मेडिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले राज्य के सभी अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को शत प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी और इसके लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा।
उन्होंने यह घोषणा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर गुरुग्राम में अखिल भारतीय सैनी सेवा समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में की।
सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए ‘क्रीमीलेयर’ की आय सीमा छह लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये वार्षिक की है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पिछड़ा वर्ग के परिवारों के बच्चों को देश में पढ़ाई के लिए 15 लाख रुपये तक और विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण चार प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों को वैसाखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फुले की जयंती भी है, जो एक महान समाज सुधारक, विचारक, लेखक और दार्शनिक थे। इस अवसर पर सैनी ने अमृतसर के जलियांवाला बाग में ब्रिटिश सेना द्वारा शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी।
सैनी ने राज्य सरकार को किसान हितैषी भी बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने किसानों की शत-प्रतिशत फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का निर्णय लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)