देश की खबरें | सैफई:सपा संस्थापक के भाई दिवंगत राजपाल सिंह यादव से जुड़े शांति यज्ञ में यादव परिवार एकत्र हुआ

इटावा (उप्र), 20 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई दिवंगत राजपाल सिंह यादव के वास्ते आयोजित शांति यज्ञ में शामिल होने के लिए यादव परिवार सोमवार को अपने पैतृक गांव सैफई में एकत्र हुआ।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनकी पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव, भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव समेत हजारों लोग शांति यज्ञ में मौजूद थे।

राजपाल सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद नौ जनवरी को मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए वैदिक रीति-रिवाजों के साथ शांति यज्ञ का आयोजन किया गया।

इस मौके पर मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई अभयराम सिंह, छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव (सांसद आजमगढ़), आदित्य यादव (सांसद बदायूं), अक्षय यादव (सांसद फिरोजाबाद) और तेज प्रताप सिंह (विधायक-करहल) भी मौजूद थे।

दिवंगत राजपाल सिंह यादव के बेटे और इटावा के जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल उर्फ ​​अभिषेक यादव ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अंतिम संस्कार किया।

मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव और पुत्रवधू अपर्णा यादव ने भी शांति यज्ञ में हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना की।

हजारों की संख्या में सपा नेता, कार्यकर्ता और आसपास के इलाकों से लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने के लिए एकत्र हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)