चंडीगढ़, पांच नवंबर सचिन बैसोया ने चौथे दौर में पांच अंडर 67 का शानदार कार्ड खेल कर रविवार को यहां डेढ़ करोड़ रुपये इनामी जीव मिल्खा सिंह आमंत्रण गोल्फ टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।
बैसोया ने चार दौर में 66, 68, 71 और 67 के कार्ड के साथ कुल 16 अंडर 272 का स्कोर कर ट्रॉफी और 22,50,000 रूपये की पुरस्कार राशि को अपने नाम किया। वह इस जीत के बाद पीजीटीआई रैंकिंग में तीसरे से दूसरे स्थान पर पहुंच गये।
स्थानीय खिलाड़ी अभिजीत सिंह चड्ढा (70-66-70-67) कुल 15 अंडर 273 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने बांग्लादेश के जमाल हुसैन (70-66-70-67) के साथ दूसरा स्थान साझा किया।
तीन बार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के विजेता राहिल गंगजी (67) 14-अंडर 274 के साथ चौथे जबकि अंगद चीमा (69) शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले चंडीगढ़ के दूसरे पेशेवर गोल्फ खिलाड़ी रहे। उन्होंने 10-अंडर 278 के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज ओम प्रकाश चौहान (68) नौ अंडर 279 के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे।
भारतीय गोल्फ के दिग्गज और टूर्नामेंट के मेजबान जीव मिल्खा सिंह (72-70-72-73) एक अंडर 287 के साथ संयुक्त 37वें स्थान पर रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY