देश की खबरें | ऋषि सुनक का उदय एक ऐतिहासिक पल और ‘परिपक्व लोकतंत्र’ का प्रतीक :बेंगलुरु के लोगों ने कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘बेंगलुरु के दामाद’ ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, ऐसे में शहर के लोग इसे एक ऐतिहासिक पल और एक ‘परिपक्व लोकतंत्र’ का प्रतीक बता रहे हैं।
बेंगलुरु, 24 अक्टूबर ‘बेंगलुरु के दामाद’ ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, ऐसे में शहर के लोग इसे एक ऐतिहासिक पल और एक ‘परिपक्व लोकतंत्र’ का प्रतीक बता रहे हैं।
भारतीय मूल के 42 वर्षीय सुनक की शादी इंफोसिस के संस्थापक एन आर नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से हुई है।
हालांकि, मूर्ति दंपती ने अपने दामाद के इतिहास रचने पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन कारपोरेट जगत के लोगों ने इस घटनाक्रम पर खुशी व्यक्त की है।
उद्यमिता, कौशल विकास, इलेक्ट्रानिक्स और दूरसंचार विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री और कर्नाटक से सांसद राजीव चंद्रशेखर ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने जा रहे सुनक को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि सुनक ऐसे समय में प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जब पूरा यूरोप कठिन समय से गुजर रहा है।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘मैं उनसे (सुनक) से व्यक्तिगत रूप से मिला हूं। वह एक सक्षम व्यक्ति हैं।’’
वोल्वो ग्रुप इंडिया के प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष कमल बाली ने कहा कि यह खुशी की बात है कि भारतीय मूल का कोई व्यक्ति ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बन रहा है।
बाली ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ ऋषि सुनक के उदय ने यह साबित कर दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर किसी के लिए अवसर है। यह एक अच्छा संकेत है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)